कांग्रेस सांसद ने धान क्रय केंद्रों का किया औचक निरीक्षण:किसानों की शिकायत पर अधिकारियों को फटकारा, धांधली का लगाया आरोप

📅 Published: January 7, 2026 | 📂 Category: India Up

सीतापुर में नवीन गल्ला मंडी पहुंचकर कांग्रेस सांसद राकेश राठौर ने मंगलवार शाम को धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मंडी परिसर में बड़ी संख्या में मौजूद किसानों ने सांसद को धान बिक्री से जुड़ी गंभीर समस्याओं से अवगत कराया, जिस पर सांसद ने नाराज़गी जाहिर करते हुए जिम्मेदारों को फोन पर ही फटकार लगाईं। किसानों ने बताया कि कई धान क्रय केंद्रों पर समय से तौल नहीं की जा रही है, जिससे उन्हें घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ रहा है। वहीं कुछ किसानों ने आरोप लगाया कि वास्तविक किसानों का धान न लेकर फर्जी नामों से खरीद दर्शाई जा रही है। किसानों का कहना था कि बार-बार शिकायत के बावजूद जिम्मेदार अधिकारी इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। निरीक्षण के दौरान सांसद राकेश राठौर ने मौके पर मौजूद डिप्टी आरएमओ और डीएस से सीधे सवाल-जवाब किए और व्यवस्था में पाई गई खामियों पर नाराज़गी जताई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसानों के धान की तौल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सांसद ने कहा कि यदि जल्द ही व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो पूरे मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित कराई जाएगी। सांसद ने कहा, “धान क्रय केंद्र किसानों के हित के लिए बनाए गए हैं, लेकिन यहां किसानों को ही परेशान किया जा रहा है। फर्जी खरीद किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। किसानों का शोषण करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होगी।” उन्होंने गल्ला मंडी स्थित विभिन्न धान क्रय केंद्रों का निरीक्षण करते हुए खरीद पंजिका, तौल व्यवस्था और किसानों की उपस्थिति की भी जानकारी ली। सांसद ने डिप्टी आरएमओ को निर्देशित किया कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका संदिग्ध है, उनके विरुद्ध तत्काल जांच कर कार्रवाई की जाए। अंत में सांसद राकेश राठौर ने किसानों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा और किसी भी किसान के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। निरीक्षण के बाद किसानों में कार्रवाई की उम्मीद जगी है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *