नमस्कार, कानपुर में कल (शनिवार) की बड़ी खबरें… सर्द हवा ने ठिठुरन बढ़ाई। 8वीं तक के स्कूल आज भी बंद रहेंगे। वार्ड 14 की पार्षद शालू सुनील कनौजिया ने कहा– मेरे वार्ड में मल–मूत्र जैसा पीने का पानी आ रहा है। मैं प्रेग्नेंट हूं। समस्या का समाधान नहीं हुआ तो भूख हड़ताल करूंगी। अगर मेरे बच्चे को कुछ हुआ तो मेट्रो और जलकल विभाग जिम्मेदार होगा। 4 साल से लिव इन में रह रहे युवक ने सुसाइड कर लिया। झगड़े के बाद जब गर्लफ्रेंड थाने पहुंची तो प्रेमी ने फांसी के फंदे पर लटककर जान दे दी। कोचिंग टीचर ने 10वीं की छात्रा से रेप किया। टीचर ने धमकी दी कि अगर कही शिकायत की तो तुम्हारे मां-बाप और छोटे भाई को मार डालूंगा। कानपुर की ऐसी ही 10 बड़ी खबरों से गुजरने के लिए ऊपर वीडियो पर क्लिक करें…। अब सिलसिलेवार कल की 10 बड़ी खबरें पढ़िए– 1.) पार्षद बोलीं-मैं प्रेग्नेंट हूं, गंदा पानी पीना पड़ रहा; मेरे बच्चे को कुछ हुआ तो मेट्रो जिम्मेदार; कानपुर का भी इंदौर जैसा हाल मैं अभी प्रेग्नेंट हूं। यहां 4 मोहल्लों में इंदौर की तरह मलमूत्र जैसा पानी आ रहा है। इसकी शिकायत मैंने जलकल विभाग से की है। अगर 2 दिन में समस्या का समाधान नहीं हुआ तो मैं मंगलवार से भूख हड़ताल पर बैठूंगी। अगर मुझे और मेरे बच्चे को कुछ हुआ तो इसकी जिम्मेदारी जलकल विभाग और मेट्रो की होगी। ये कहना है कानपुर में वार्ड 14 की पार्षद शालू सुनील कनौजिया का। उन्होंने शुक्रवार को वीडियो जारी करके कहा- मैं अपने इलाके में गंदे पानी की समस्या लगातार उठा रही हूं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। अपने वार्ड की समस्या के लिए अब आंदोलन करने को तैयार हूं। पढ़िए पूरी खबर 2.) कानपुर के बाद रायबरेली में मृत मिली डॉल्फिन; यूपी में 17 दिन में तीसरे डॉल्फिन की मौत, हार्ट फेलियर होने से गई जान यूपी में 17 दिन में 3 डॉल्फिन की मौत हो गई है। अब रायबरेली में डॉल्फिन मृत मिली है। यह डॉल्फिन गंगा नदी से दूर शारदा नहर में मिली है। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने डॉल्फिन की डेडबॉडी को जांच के लिए कानपुर जू भेजा। इससे पहले 2 जनवरी को कानपुर के जाजमऊ में और 23 दिसंबर को गाजीपुर में डॉल्फिन मृत मिल चुकी हैं। रायबरेली में मृत डॉल्फिन की डेडबॉडी पोस्टमार्टम के लिए कानपुर चिड़ियाघर भेजी गई। प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, डॉल्फिन के लिवर, किडनी और फेफड़े जैसे सभी महत्वपूर्ण अंग स्वस्थ थे। शरीर पर किसी बाहरी चोट के निशान भी नहीं पाए गए। जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि डॉल्फिन की मौत हार्ट फेलियर की वजह से हुई है। पढ़िए पूरी खबर 3.) झगड़े के बाद प्रेमिका थाने पहुंची, प्रेमी फंदे पर लटका; 4 साल से लिव-इन में रह रहे थे दोनों कानपुर के शिवराजपुर कस्बे में एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड से विवाद के बाद फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया। युवक अपनी गर्लफ्रेंड के साथ चार साल से लिव-इन में रह रहा था। बताया जा रहा है कि विवाद के बाद गर्लफ्रेंड थाने में शिकायत करने पहुंची थी। इधर जब पुलिस पहुंची तो युवक फांसी के फंदे से लटका हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। युवक की पहचान 26 साल के राघवेंद्र शुक्ला के रूप में हुई है। युवक खेती का काम करता था। पढ़िए पूरी खबर 4.) 10वीं की छात्रा से टीचर ने किया रेप; कानपुर में धमकी दी, बोला- किसी को बताया तो मां-बाप और भाई को मार डालूंगा; FIR के बाद अरेस्ट कानपुर के किदवई नगर इलाके में एक कोचिंग संचालक द्वारा 10वीं की छात्रा से रेप किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि संचालक छात्रा को डरा-धमकाकर करीब एक महीने से कोचिंग सेंटर में उसका शारीरिक शोषण कर रहा था। गुरुवार को जब छात्रा ने कोचिंग जाने से इनकार किया और मां के पूछने पर पूरी सच्चाई बताई, तो परिवार के होश उड़ गए। इसके बाद परिजन छात्रा को लेकर थाने पहुंचे और पुलिस से शिकायत दर्ज कराई। पढ़िए पूरी खबर 5.) प्रभारी मंत्री नहीं सुलझा पाए मेयर-पार्षद विवाद:भाजपा पार्षद डिप्टी सीएम से मिलेंगे, भ्रष्टाचार की फाइल लेकर जाएंगे लखनऊ कानपुर नगर निगम में चल रहा मेयर और पार्षदों का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रभारी मंत्री ने कानपुर आकर इस विवाद को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन दो बार लगातार बातचीत होने के बाद भी इस विवाद का हल नहीं निकल सका है। भाजपा के बागी हुए पार्षद अब नगर निगम में भ्रष्टाचार की फाइल लेकर लखनऊ जाने की तैयारी कर चुके हैं। पार्षदों को डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने लखनऊ बुलाया था। अब उन्हें डिप्टी सीएम कार्यालय से मुलाकात का समय भी मिल चुका है। सभी बागी पार्षद 11 जनवरी को लखनऊ जाएंगे। पढ़िए पूरी खबर 6.) रिटायर JE…15 दिन शव सड़ता रहा, पत्नी-बेटियां नहीं आईं; कानपुर में बहन ने 20 बार कॉल की, फोन उठाना बंद किया कानपुर में सिंचाई विभाग से रिटायर जेई की करीब 15 दिन पहले मौत हुई, लेकिन किसी को पता नहीं चला। कारण यह कि पत्नी और दोनों बेटियां पैसों के झगड़े के चलते वाराणसी में अलग रहते थे। इन लोगों की आपस में बोलचाल तक बंद थी। 8 जनवरी को जब बहन रिटायर जेई के घर पहुंचीं, तब उनकी मौत का पता चला। इससे पहले 15 दिनों तक उनकी लाश बंद घर में सड़ती रही। सबसे बड़ी बात तो यह है कि रिटायर जेई की मौत की सूचना परिवारवालों ने उनकी पत्नी को फोन करके दी। वह भी एक बार नहीं, बल्कि 20 से भी ज्यादा बार। लेकिन, पत्नी ने एक बार भी आने की बात नहीं कही। पढ़िए पूरी खबर 7.) कोहरे-ओस ने गलन बढ़ाई, 24 घंटे में पारा 3.8° गिरा:दिन में निकली धूप से मिली राहत, वंदे भारत और तेजस ट्रेन घंटों लेट कानपुर में शुक्रवार को हल्का कोहरा छाया रहा। कोहरा और बर्फीली हवा गलन का एहसास करा रही है। सुबह सड़कों पर सन्नाटा दिखा। बहुत जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से निकले। लोग अलाव के पास बैठे रहे। सीएसए की ओर से जारी वेदर रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 5.6 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 1.7 डिग्री कम है। ठंड के चलते डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने नर्सरी से 8वीं कक्षा तक के छात्रों के लिए स्कूलों में शीत अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह आदेश सभी बोर्डों के स्कूलों पर लागू होगा। पढ़िए पूरी खबर 8.) GSVM में किडनी ट्रांसप्लांट शुरू करने की तैयारी; 3 सदस्यीय विशेषज्ञ टीम ने निरीक्षण किया, जल्द सरकार को सौंपेंगे रिपोर्ट कानपुर मेडिकल कॉलेज (GSVM )के सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल (PMSSY )में किडनी ट्रांसप्लांट शुरू करने की तैयारी को लेकर तीन सदस्यीय विशेषज्ञ टीम ने निरीक्षण किया। इस टीम में लखनऊ के केजीएमयू से डॉ. ईश्वर राम दयाल, एसजीपीजीआई लखनऊ से डॉ. नारायण प्रसाद और केजीएमयू के ही डॉ. अभिनव सोनकर शामिल रहे। टीम अब इस निरीक्षण के आधार पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार करेगी, जिसे सरकार को सौंपा जाएगा। रिपोर्ट के बाद सरकार की ओर से हरी झंडी मिलने पर कानपुर मेडिकल कॉलेज में किडनी ट्रांसप्लांट की प्रक्रिया शुरू हो सकेगी। पढ़िए पूरी खबर 9.) युवक का शव कब्र खोदकर निकाला गया; कानपुर में परिजनों ने तीसरे दिन हत्या का शक जताया, पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा कानपुर के बिधनू स्थित कडरी चंपतपुर गांव में 22 वर्षीय युवक श्रीचंद की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसी दिन परिजनों ने शव दफनाकर अंतिम संस्कार कर दिया। तीसरे दिन परिजनों ने हत्या का शक जताते हुए पुलिस से शिकायत की। फिर शुक्रवार दोपहर में कब्र खोदकर दफनाए गए शव को बाहर निकाला गया। परिजनों की मांग पर पुलिस और फोरेंसिक टीम ने यह कार्रवाई की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है, ताकि मौत के सही कारणों का खुलासा हो सके। पढ़िए पूरी खबर 10.) वीकेंड पर फ्लाइट टिकट का रेट दोगुना हुआ; कानपुर से बेंगलुरु, मुंबई और दिल्ली का रेट सबसे हाई, 12 जनवरी से 50% किराया कम कानपुर से हवाई यात्रा करने वालों के लिए जरूरी खबर है। 9 से 11 जनवरी तक फ्लाइट टिकटों के दाम दोगुने से भी अधिक रहेंगे, जबकि 12 जनवरी से किरायों में 50 प्रतिशत से ज्यादा की गिरावट आने की संभावना है। ट्रैवल एजेंसियों के मुताबिक शुक्रवार, शनिवार और रविवार के वीकेंड की वजह से किराए बढ़े हुए हैं, वहीं इस दौरान टिकट बुकिंग में भी कमी दर्ज की गई है। कानपुर से बेंगलुरु जाने के लिए 10 जनवरी को 14,975 रुपए और 11 जनवरी को 11,939 रुपए रहेगा। वहीं 12 जनवरी से अगले चार दिनों तक यही टिकट घटकर 5,315 रुपए में मिल सकेगा। पढ़िए पूरी खबर
कानपुर की कल की 10 बड़ी खबरें, VIDEO में:प्रेग्नेट हूं, मेरे वार्ड में मल-मूत्र जैसा पानी आ रहा; लिव-इन पार्टनर ने जान दी; स्कूल आज भी बंद
📅 Published: January 10, 2026 |
📂 Category: India Up
