गाजियाबाद में नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा वॉर्डन और स्वयंसेवकों के लिए आपदा प्रबंधन और प्राथमिक चिकित्सा का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यह कार्यक्रम 5 जनवरी से 11 जनवरी 2026 तक चलेगा। इसका उद्देश्य भारत सरकार के गृह मंत्रालय और महानिदेशालय नागरिक सुरक्षा के निर्देशों के तहत आपदा एवं आपात स्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा को मजबूत करना है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के एक सत्र की शुरुआत सहायक उपनियंत्रक नागरिक सुरक्षा गाजियाबाद गुलाम नबी ने की। उन्होंने वॉर्डन और स्वयंसेवकों को प्राथमिक चिकित्सा के महत्व और मानव शरीर की मूल संरचना के बारे में जानकारी दी। गुलाम नबी ने बताया कि दुर्घटना के समय सही जानकारी और त्वरित प्राथमिक उपचार से कई जिंदगियां बचाई जा सकती हैं। इसके बाद जिला एमएमजी चिकित्सालय गाजियाबाद से वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. चरण सिंह और नरेंद्र आनंद ने स्वयंसेवकों को दुर्घटनाओं के दौरान उत्पन्न होने वाली विभिन्न परिस्थितियों से निपटने के उपाय बताए। डॉ. चरण सिंह ने स्पष्ट किया कि सड़क दुर्घटना, आगजनी या अन्य आपात स्थितियों में दम घुटना, बेहोशी, सदमा, गंभीर चोट या जलने जैसी घटनाएं सामान्य हैं। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय सही तकनीक से प्राथमिक उपचार देना अत्यंत महत्वपूर्ण है। डॉ. चरण सिंह ने प्रशिक्षण के दौरान कृत्रिम श्वसन, सीपीआर (CPR) देने की सही विधि, स्ट्रेचर के सुरक्षित उपयोग और घायल व्यक्ति को बिना नुकसान पहुंचाए अस्पताल तक पहुंचाने की प्रक्रिया का विस्तार से प्रदर्शन किया। स्वयंसेवकों ने इन तकनीकों का व्यावहारिक अभ्यास भी किया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम कविनगर स्थित रामलीला मैदान के जानकी सभागार में आयोजित किया जा रहा है। इसमें बड़ी संख्या में वॉर्डन और स्वयंसेवक भाग ले रहे हैं। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में सहायक उपनियंत्रक नेम सिंह, डिवीजनल वॉर्डन आरक्षित हर्ष वर्मा, डिवीजनल वॉर्डन दीपक अग्रवाल, आईसीओ राजन हॉल प्रखंड तुषार शर्मा सहित नागरिक सुरक्षा गाजियाबाद के समस्त स्टाफ और वरिष्ठ वॉर्डनों का सराहनीय योगदान रहा। इस प्रशिक्षण को भविष्य में किसी भी आपदा या आपात स्थिति में आम जनता की मदद के लिए स्वयंसेवकों को पूरी तरह तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
गाजियाबाद में नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों को विशेष प्रशिक्षण:आपदा प्रबंधन और प्राथमिक चिकित्सा पर दी गई ट्रेनिंग
📅 Published: January 10, 2026 |
📂 Category: India Up
