ग्रेटर नोएडा के थाना बीटा-2 क्षेत्र में सोमवार सुबह बीटा-2 पार्क के पास एक कार के नीचे 27 वर्षीय युवती का शव मिला। मृतका की पहचान दीपा निवासी पिपरी, थाना महोकंठ, जिला महोबा (वर्तमान निवासी सेक्टर बीटा-2) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया, साथ ही मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, युवती अपने छोटे भाई के साथ सेक्टर बीटा-2 में किराए के मकान में रहती थी। वह नोएडा के सेक्टर-60 स्थित एक कॉल सेंटर में पिछले एक वर्ष से कार्यरत थी। परिजनों ने बताया कि दीपा प्रतिदिन की तरह रविवार को भी सुबह घर से नौकरी के लिए निकली थी, लेकिन रात तक वापस नहीं लौटी। देर रात भाई ने कई बार फोन किया, लेकिन उसका मोबाइल बंद मिला। इसके बाद सोमवार सुबह बीटा-2 पार्क के पास एक खड़ी कार के नीचे उसका शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच की। शव कार के नीचे संदिग्ध अवस्था में मिला, जिससे प्रथम दृष्टया मामला सड़क दुर्घटना का भी हो सकता है। हालांकि, पुलिस अन्य पहलुओं से भी इनकार नहीं कर रही है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। जानकारी के मुताबिक, दीपा के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। वह परिवार की सबसे बड़ी संतान थी और अपने दो छोटे भाइयों की जिम्मेदारी भी उसी पर थी। एक भाई आगरा में नौकरी करता है, जबकि दूसरा उसके साथ ही रहता था। थाना प्रभारी बीटा-2 ने बताया कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि युवती किस परिस्थिति में पार्क के पास पहुंची और कार के नीचे उसका शव कैसे मिला। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और कॉल डिटेल व मोबाइल लोकेशन भी निकाली जा रही है।
ग्रेटर नोएडा में कार के नीचे मिला युवती का शव:रात से ही लापता थी, पुलिस जांच जारी
📅 Published: January 12, 2026 |
📂 Category: India Up
