जालौन में बाइक फिसलने से किसान की मौत:तीन घंटे चकरोड पर पड़ा रहा, तड़पकर तोड़ा दम, खेत देखने जा रहा था

📅 Published: December 25, 2025 | 📂 Category: India Up

जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खनुवां के रहने वाले किसान योगेंद्र समाधिया (35 वर्ष) की बुधवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। योगेंद्र रोज की तरह अपने खेत पर फसल की देखरेख करने के लिए बाइक से निकले थे, लेकिन रास्ते में हादसा हो गया। परिजनों के अनुसार, योगेंद्र बुधवार को दिन में बाइक से गांव स्थित अपने खेत की ओर जा रहे थे। खेत तक पहुंचने से पहले ही कच्चे और फिसलन भरे मार्ग पर उनकी बाइक बेकाबू होकर फिसल गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। गिरने के कारण योगेंद्र को गंभीर चोटें आईं और अधिक खून बहने लगा। हादसा सुनसान रास्ते पर होने के कारण उन्हें तत्काल कोई मदद नहीं मिल सकी। बताया जा रहा है कि योगेंद्र लगभग तीन घंटे तक घायल अवस्था में वहीं पड़े रहे। समय पर उपचार न मिलने और अत्यधिक रक्तस्राव के चलते उनकी मौके पर ही मौत हो गई। जब देर शाम तक योगेंद्र घर नहीं लौटे तो परिजन चिंतित हो गए और उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन करते हुए जब परिजन खेत के पास पहुंचे तो वहां योगेंद्र का शव पड़ा मिला, जिसे देखकर परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पुलिस भी पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पोस्टमॉर्टम के लिए शव को भेजा गया, वहीं पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। योगेंद्र समाधिया परिवार के मुख्य सहारे थे। उनकी असामयिक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *