फिरोजाबाद के टूण्डला थाना क्षेत्र के मोहम्मदाबाद गांव में शनिवार रात एक पांच वर्षीय बच्ची की तालाब में डूबने से मौत हो गई। इस घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, गांव निवासी भवानी शंकर की सबसे छोटी बेटी गंगा शनिवार रात अपने परिजनों के साथ खेत पर गई थी। खेत से घर लौटते समय रास्ते में तालाब की पटरी संकरी होने के कारण उसका पैर फिसल गया और वह सीधे पानी में गिर गई। पानी गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सकी और डूबने से उसकी मृत्यु हो गई। कुछ देर बाद जब परिजनों ने उसे आसपास नहीं देखा तो उसकी तलाश शुरू की। तालाब के पास उसके कपड़े दिखाई देने पर परिजन पानी में उतरे और बच्ची को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं। मासूम का शव देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां सर्वेश देवी, भाई धर्मवीर और बहन डौली गहरे सदमे में हैं। इस दुखद हादसे के बावजूद परिजनों द्वारा पुलिस को सूचना नहीं दी गई। इसके चलते घटना का कोई पुलिस रिकॉर्ड दर्ज नहीं हो सका है। गांव के लोगों ने तालाब के किनारे सुरक्षा व्यवस्था की कमी पर चिंता व्यक्त की है।
तालाब में गिरकर पांच वर्षीय बच्ची की मौत:परिजनों ने पुलिस को नहीं दी सूचना, गांव में मातम
📅 Published: December 7, 2025 |
📂 Category: India Up
