पीलीभीत में सिंचाई विवाद में किसान पर हमला:धारदार हथियारों से किया लहूलुहान, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

📅 Published: December 19, 2025 | 📂 Category: India Up

पीलीभीत जिले के सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र में सिंचाई को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया है। किशनपुर हरीपुर गांव में एक किसान पर धारदार हथियारों से जानलेवा हमला किया गया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। किसान को नाजुक हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इस मामले में तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। किशनपुर हरीपुर गांव की सोमवती ने पुलिस को दी अपनी तहरीर में बताया कि उनके पति सुरेश कुमार अपने खेत पर पानी लगाने गए थे। इसी दौरान पड़ोस के गांव चतीपुर के निवासी कामता प्रसाद, उनके पुत्र सुनील कुमार और केवलराम उर्फ छोटे वहां आ धमके। आरोपियों ने सुरेश कुमार को पानी लगाने से जबरन रोका और उनके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की। जब सुरेश ने इसका विरोध किया, तो आक्रोशित आरोपियों ने योजनाबद्ध तरीके से उन पर धारदार हथियारों से हमला कर दिया। हमला इतना भीषण था कि सुरेश कुमार के शरीर पर गहरे जख्म हो गए और वे लहूलुहान होकर मौके पर ही बेहोश हो गए। आरोप है कि हमलावरों ने उन्हें मृत समझ लिया और कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए मौके से फरार हो गए। पास के खेतों में काम कर रहे शंकर और इंद्रपाल ने जब सुरेश को इस हालत में देखा, तो उन्होंने तुरंत उनके परिजनों को सूचित किया। परिजनों ने आनन-फानन में घायल सुरेश को थाने पहुंचाया। पुलिस ने प्राथमिक कार्रवाई के बाद उन्हें सरकारी अस्पताल पूरनपुर भेजा। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर कर दिया है, जहां वे फिलहाल उपचाराधीन हैं। पीड़िता सोमवती की तहरीर के आधार पर सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने तीनों आरोपियों कामता प्रसाद, सुनील कुमार और केवलराम के खिलाफ जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *