'फ्लाइंग क्रेमलिन' से रूस लौटे पुतिन की लग्जरी के किस्से:काला सागर के किनारे और जंगलों के बीच सीक्रेट पैलेस; जानिए घुड़सवारी जैसे क्या-क्या शौक हैं

📅 Published: December 6, 2025 | 📂 Category: India National

भारत दौरे पर पुतिन की ‘ऑरस सीनेट’ कार सुर्खियों में रही। ये दुनिया की सबसे महंगी कार मानी जाती है। जो बुलेट, ग्रेनेड के साथ केमिकल अटैक भी झेल सकती है। इसमें प्रीमियम लेदर-वुड इंटीरियर, मसाज वाली सीटें, मल्टिपल स्क्रीन और फ्रिज कम्पार्टमेंट जैसी लग्जरी है। 5 दिसंबर की रात वो अपने ‘फ्लाइंग क्रेमलिन’ विमान में सवार होकर रूस लौट गए। भास्कर एक्सप्लेनर में पुतिन की लग्जरी-सीक्रेट लाइफ की रोचक कहानी… क्रेमलिन के ऑफिशियल डॉक्यूमेंट्स के मुताबिक, पुतिन की एनुअल सैलरी 1 लाख 40 हजार डॉलर है यानी करीब 1 करोड़ 26 लाख भारतीय रुपए। पुतिन के पास 800 स्क्वायर फुट का अपार्टमेंट और तीन कार हैं। ये वो ऑफिशियल डेटा है जिसे उन्होंने सार्वजनिक किया है। हालांकि, कुछ एक्सपर्ट मानते हैं कि पुतिन दुनिया के सबसे अमीर राष्ट्रपति हैं। अमेरिकी मूल के ब्रिटिश फाइनेंसर और जाने माने पॉलिटिकल एक्टिविस्ट बिल ब्राउनर के मुताबिक, पुतिन की नेटवर्थ 200 बिलियन डॉलर यानी लगभग 18 लाख करोड़ रुपए तक हो सकती है। ब्राउनर पहले रूस में सबसे बड़े फॉरेन इन्वेस्टर थे। उन्होंने 2017 में बताया कि पुतिन ने ये दौलत तब बनानी शुरू की, जब रूसी ओलिगार्क मिखाइल खोदोरकोव्स्की को 2003 में धोखाधड़ी और टैक्स चोरी के मामले में जेल भेजा गया। पुतिन का आधिकारिक आवास मॉस्को का ग्रैंड क्रेमलिन पैलेस है, जिसे रूस की सत्ता का प्रतीक माना जाता है। 1990 के दशक में इस पैलेस को रेनोवेट किया गया था, जिसमें उस समय करीब 1 बिलियन डॉलर यानी 8 हजार करोड़ रुपए खर्च हुए थे। ग्रैंड क्रेमलिन पैलेस करीब 25,000 स्क्वायर मीटर में फैला है और इसमें 700 से ज्यादा कमरे हैं। इस पैलेस के इंटीरियर को सोने और महंगे क्रिस्टल से सजाया गया है, जिनका वजन कई टन तक है। इसके अंदर 5 शाही हॉल हैं जिनमें से सेंट एंड्रयू हॉल को सबसे ज्यादा लग्जरी माना जाता है। इस हॉल में सोने के तीन शाही सिंहासन रखे हैं। इस पैलेस के नीचे और दीवारों के भीतर सोवियत काल के सुरक्षित बंकर और सुरंगें हैं, जो इसे दुनिया की सबसे सुरक्षित इमारतों में से एक बनाते हैं। इसके अलावा पुतिन के कई सीक्रेट पैलेस भी हैं। ब्लैक सी के किनारे बना सीक्रेट ‘पुतिन पैलेस’ रूस के विपक्षी नेता एलेक्सी नवलनी ने साल 2021 में एक वीडियो जारी कर दावा किया कि ब्लैक सी के किनारे बना पुतिन का जेलेंडजिक सीक्रेट पैलेस मोनाको देश से 39 गुना बड़ा है। मोनाको का एरिया 2 स्क्वायर किमी है और पुतिन के सीक्रेट पैलेस का एरिया करीब 77-78 किमी स्क्वायर हो सकता है। तब विपक्षी नेता ने कहा था कि ये भ्रष्टाचार से बना है। हालांकि, तब पुतिन ने उस वीडियो और एलेक्सी नवलनी के दावे को भी खारिज कर दिया था। बाद में नवलनी को जेल हुई और 2024 में उनकी मौत हो गई। नवलनी के मुताबिक इस पैलेस की कीमत लगभग 1.35 बिलियन डॉलर यानी करीब 11 हजार करोड़ रुपए है। पूरी तरह से इटैलियन शैली में बना ये महल लग्जरी फीचर्स के लिए जाना जाता है। इस पैलेस एरिया में स्वीमिंग पूल, हुक्का बार या स्ट्रिप क्लब, कसीनो, थिएटर, आइस पैलेस जैसे ढेरों सुविधाएं मौजूद हैं। पैलेस के इंटीरियर को इटैलियन ब्रैंड्स के फर्नीचर से सजाया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस सीक्रेट पैलेस के नीचे 16 मंजिला अंडरग्राउंड कंस्ट्रक्शन है। जिसे मांद कहते हैं। पुतिन पैलेस को नो-फ्लाई जोन है, जहां किसी भी विमान के उड़ने की परमिशन नहीं है। पैलेस के चारों तरफ लगभग 7,000 हेक्टेयर का सिक्योरिटी बफर जोन है जिसे रूस की फेडरल सिक्योरिटी सर्विस (FSB) कंट्रोल करती है. पैलेस के नीचे से कई सुरंगें भी हैं जो अलग-अलग दिशा में खुलती हैं। चारो तरफ से ऊंची दीवारों से घिरा नोवो-ओगार्योवो- ‘द रियल होम’ पुतिन जिस घर में सबसे ज्यादा रहते हैं वो है मॉस्को के बाहरी इलाके ‘रूबलियोवका’ में बना नोवो-ओगार्योवो। पुतिन साल 2000 से यहां रह रहे हैं। उन्होंने क्रेमलिन ऑफिस जाने के बजाय इस जगह को इसलिए चुना ताकि रास्ते के ट्रैफिक से बचा जा सके। वैसे तो ये आलीशान घर साल 1950 में ही बन चुका था, लेकिन पुतिन के लिए इसे पूरी तरह से रिनोवेट किया गया। इंग्लिश गॉथिक स्टाइल में बना ये लग्जरी हाउस अपनी सुविधाओं के लिए भी काफी मशहूर है। नोवो-ओगार्योवो में एक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स है जिसमें एक बड़ा स्विमिंग पूल, जिम और अस्तबल है। यहां पुतिन के पसंदीदा घोड़े रहते हैं। इस घर के अंदर एक छोटा चर्च भी है। इसके अलावा आधिकारिक मुलाकातों के लिए ‘रिसेप्शन हाउस’, सिनेमा हॉल, हेलिपैड और सीक्रेट बंकर भी मौजूद है। रूस की इंडिपेंडेंट इन्वेस्टिगेटिव मीडिया आउटलेट के मुताबिक, पुतिन के नोवो-ओगार्योवो ऑफिस की तरह ही बाकी के पैलेस में भी हूबहू ऑफिस बनाए गए हैं। जिससे किसी भी स्थिति में दुश्मन को कन्फ्यूज किया जा सके। जंगलों में बना पुतिन का सबसे सुरक्षित फॉरेस्ट पैलेस पुतिन का एक ठिकाना मॉस्को और सेंट पीटर्सबर्ग के बीच घने जंगलों और झील के बीच भी है। इसे फॉरेस्ट पैलेस कहा जाता है। पुतिन यहां जाने के लिए हवाई जहाज या कार की जगह सीक्रेट आर्मर्ड ट्रेन का इस्तेमाल करते हैं। डोजियर सेंटर की रिपोर्ट के मुताबिक, इस पैलेस के पास सीक्रेट रेलवे स्टेशन भी है, जो आम नागरिकों के लिए नहीं है। यह स्टेशन चारों तरफ से ऊंची फेंसेस और सुरक्षा गार्ड्स से घिरा है। इस घर में रेसिंग ट्रैक, बड़ा खेल का मैदान, स्विमिंग पूल, मड बाथ और क्लिनिक भी मौजूद है। माना जाता है कि पुतिन के बच्चे भी यहीं रहते हैं। पुतिन की सबसे ज्यादा दिलचस्पी मार्शल आर्ट में है- खासकर जूडो और सांबो में। 11 साल की उम्र में ही उन्होंने जूडो की ट्रेनिंग शुरू कर दी थी। 1975 में उन्होंने लॉ की पढ़ाई के लिए ‘लेनिनग्राद स्टेट यूनिवर्सिटी’ में एडमिशन लिया। इस दौरान पुतिन जूडो में लेनिनग्राद के चैंपियन बने। 1978 में उन्हें ‘मास्टर ऑफ स्पोर्ट्स’ का खिताब मिला। उन्होंने जूडो पर किताब भी लिखी, जिसका नाम है- जूडो: हिस्ट्री, थ्योरी, प्रैक्टिस। पुतिन इस किताब के को-ऑथर हैं। इसके अलावा जूडो पर उन्होंने कई वीडियोज भी बनाए हैं। जूडो की ट्रेनिंग पर, पुतिन के करीबी और कोच इजिओ गाम्बा कहते हैं- ‘पुतिन ट्रेनिंग ऐसे करते हैं जैसे कोई बच्चा लेगो (ब्लॉक्स से खेला जाने वाला क्रिएटिव गेम) से खेल रहा हो। पुतिन पूरी गंभीरता से जूडो खेलते थे।’ आज भी पुतिन फिटनेस के लिए जू़डो खेलते हैं। डायरेक्टर ओलिवर स्टोन की डॉक्यूमेंट्री ‘द पुतिन इंटरव्यूज’ में बताया गया कि वे सप्ताह में सातों दिन एक्सरसाइज करते हैं। वे पहले जिम जाते हैं, फिर स्विमिंग करते हैं। सर्दियों में पुतिन अल्पाइन स्कीइंग करते हैं। पुतिन इसको एक्टिव रहने और फिटनेस बनाए रखने का बेहतरीन तरीका बताते हैं। 60 साल की उम्र में पुतिन पहली बार स्केट्स पर चढ़े। एक इंटरव्यू में इसे याद करते हुए पुतिन कहते हैं- मैं पहले से ही एक बूढ़ा अंकल था। सच कहूं तो, मैंने सोचा कि उन्हें तुरंत फेंक देना चाहिए। क्योंकि स्केट्स को रोकना मुश्किल हो रहा था, मैं सीधे किनारे से टकरा जाता था। बाद में हॉकी खिलाड़ी अलेक्सी कसातोनोव ने पुतिन को ट्रेनिंग दी, जिसके बाद वे रेगुलर तौर पर आइस-हॉकी खेलने लगे। वे कभी नाइट हॉकी लीग के मैचों में खेलते, तो कभी सुरक्षा सेवा (FSO) के कर्मचारियों के साथ। पुतिन ने कई बार गाला आइस हॉकी के मैच खेले हैं और कई गोल भी किए हैं। एक मैच में उन्होंने 8 गोल दागे थे। 2016 में एक आइस हॉकी मैच के दौरान पुतिन फिसलकर गिर गए थे। ये मैच रूस के नाइट हॉकी लीग के गाला में हुआ था। आइस हॉकी मैच पर पुतिन कहते हैं- एक मैच में मेरा 1.5-2 किलो वजन कम हो जाता है। यह बहुत स्ट्रेसफुल खेल है। पुतिन को एक्सट्रीम एक्टिविटीज का भी शौक है। वे कई बार नदियों में राफ्टिंग कर चुके हैं उन्होंने खुद को फॉर्मूला-1 ड्राइवर के रूप में भी आजमाया। पुतिन ने कई बार तो 240 किमी/घंटा की स्पीड से रेसिंग कार चलाई। वे बाथिस्काफ यानी छोटी पनडुब्बी जैसी मशीन में बैठकर बैकाल झील की गहराइयों में भी उतर चुके हैं। कई बार वे टीयू-160 और टीयू-160एम जैसे मिलिट्री बॉम्बर्स के कॉकपिट में बैठकर उड़ान भर चुके हैं, जहां सिर्फ प्रोफेशन पायलट्स बैठते हैं। 2009 में कहा जाने लगा कि पुतिन अब बूढ़े और कमजोर हो चुके हैं। वह राजनीतिक रूप से थका हुआ महसूस कर रहे हैं। लेकिन तभी अगस्त 2009 में पुतिन की कुछ तस्वीरें सामने आईं, जिनमें वह दक्षिणी साइबेरिया के तुवा रीजन में बिना शर्ट के घोड़े की सवारी करते हुए, मछली पकड़ते हुए और स्विमिंग करते हुए दिखे। मॉस्को टाइम्स के मुताबिक, इन तस्वीरें के जरिए पश्चिमी देश के नेताओं को ये दिखाया गया कि पुतिन मानसिक और शारीरिक रूप से बिल्कुल फिट हैं। यह तस्वीर दुनिया भर में खूब वायरल हुई। 2017 में भी पुतिन ब्लागोवेशचेन्स्क जाते हुए अचानक दक्षिणी साइबेरिया में रुक गए थे। इसको रोमांचकारी बताते हुए पुतिन कहते हैं – मैं मुश्किल पहुंच वाली ताइगा में गया, पहाड़ी झीलों में मछली पकड़ी, धूप में लेटा, पहाड़ी नदियों और रैपिड्स से नीचे उतरा, नहरों में मोटरबोट और राफ्ट चलाए, हाइकिंग की और एटीवी चलाते हुए पहाड़ों से गुजरा। इसके बाद भी पुतिन कई बार साइबेरिया आते रहे। इसके अलावा पुतिन अक्सर बेलारूस के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर लुकाशेंको के साथ वलाम भी जाते हैं। वलाम मठ को पुतिन ‘रूस का मिरर’ कहते हैं, एक ऐसी जगह जहां उन्हें आध्यात्मिक सुकून मिलता है। पुतिन को किताबों का भी शौक है। वे बताते हैं कि उन्होंने यंग एज में जैक लंदन, जूल्स वर्न और अर्नेस्ट हेमिंग्वे जैसे राइटर्स की किताबें पढ़ीं। पुतिन रुसी, जर्मन और अंग्रेजी भाषाएं जानते हैं. उनके प्रेस सेक्रेटरी दिमित्री पेस्कोव बताते हैं कि इन भाषाओं में खुद को एक्सिलेंट बनाए रखने के लिए पुतिन जर्मन और अंग्रेजी टीवी चैनल्स देखते हैं और अखबार पढ़ते हैं। उनकी बेडसाइड वाली टेबल पर अक्सर इतिहास की किताबें और संस्मरण रखे होते हैं। फिक्शन में उनके पसंदीदा लेखक रूसी साहित्यकार लेर्मोनतोव हैं। इसके अलावा पुतिन को बचपन से ही रुडयार्ड किपलिंग भी पसंद है। कई बार वे पॉलिटिक्स या इंटरनेशनल सिचुएशन को समझाने के लिए किपलिंग के किरदारों- जैसे शेर खान का उदाहरण देते हैं। पुतिन रूसी, जर्मन और अंग्रेजी भाषाएं बोलते हैं। उनके प्रेस सेक्रेटरी दिमित्री पेस्कोव बताते हैं- जर्मन और अंग्रेजी भाषा में पकड़ बनाए रखने के लिए वे जर्मन और अंग्रेजी टीवी चैनल्स देखते हैं। हफ्ते में कई बार वे अंग्रेजी अखबार पढ़ते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि वे अपना शब्द-भंडार कम नहीं होने देना चाहते। खाने में पुतिन को ऑर्गेनिक और पारंपरिक रूसी खाना पसंद है। मछली उनका सबसे फेवरेट फूड है। वे कम शुगर वाली आइसक्रीम खाना भी पसंद करते हैं। पुतिन अपनी फिटनेस पर काफी ध्यान देते हैं.. इसलिए वे कई तरह के सलाद भी खाते हैं। इसके अलावा रूस के राष्ट्रपति कभी-कभी खाना भी बनाते हैं। 2018 में एक मीडिया फोरम में उन्होंने कहा कि, ‘मैं सलाद बनाता हूँ, बहुत स्वादिष्ट बनता है।’ एक बार पुतिन ने सीक्रेट मैरीनेट में बने रुसी कबाब तैयार किए थे, जिसकी तारीफ तुवा गणराज्य के पूर्व प्रमुख, शोल्बान कारा-ओल ने की थी।
———
पुतिन से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए-
पुतिन का 60 साल में तलाक, 31 साल छोटी गर्लफ्रेंड: बच्चों को ब्रिटेन से पढ़ाने आते हैं टीचर; रूसी राष्ट्रपति की सीक्रेट फैमिली रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 2 दिन के दौरे पर भारत आए। उनके साथ करीब 100 लोगों की टीम है, लेकिन इसमें परिवार का एक भी सदस्य नहीं है। 2012 में आखिरी बार पुतिन अपनी पत्नी के साथ दिखे थे। इसके बाद विदेश दौरे तो क्या रूस में भी पुतिन का परिवार कहीं नहीं दिखा। पूरी खबर पढ़िए…

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *