बस्ती में हिन्दू सम्मेलन:प्रान्त संगठन मंत्री बोले- सनातन परंपरा ने मानवता को एकता का मार्ग दिखाया

📅 Published: December 28, 2025 | 📂 Category: India Up

बस्ती के सरस्वती विद्या मंदिर, रामबाग में विशाल हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया गया। अरविंद बस्ती द्वारा आयोजित इस सम्मेलन का उद्देश्य संगठित हिन्दू, समर्थ भारत के संकल्प को मजबूत करना तथा हिन्दू समाज में बंधुत्व, प्रेम, सहयोग और स्वाभिमान की भावना जगाना था। इसमें संत समाज, मातृशक्ति, युवा शक्ति और बड़ी संख्या में प्रबुद्ध सनातनी नागरिकों ने भाग लिया। हिन्दू सम्मेलन आयोजन समिति के तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष महेंद्र जी ने की। विश्व हिन्दू परिषद के प्रान्त संगठन मंत्री दीपेश जी मुख्य वक्ता रहे। तपसी धाम आश्रम के पीठाधीश्वर महंत जयबख्श दास जी महाराज संत के रूप में मंचासीन थे। सेवानिवृत्त मंडल रेल प्रबंधक श्रीमती आशिमा सिंह मातृशक्ति के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ शंखनाद, स्वस्तिवाचन और भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। मंच संचालन आशीष सिंह ने किया, जिन्होंने अतिथियों का परिचय भी कराया। इस अवसर पर संतों और विशिष्ट अतिथियों का सम्मान भी किया गया। मुख्य वक्ता दीपेश जी ने अपने संबोधन में कहा कि सनातन हिन्दू धर्म एक जीवन पद्धति है। उन्होंने ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का संदेश देकर समूची मानवता को एकता का मार्ग दिखाया है। दीपेश जी ने जोर दिया कि हिन्दू समाज की एकता, संगठन और स्वाभिमान ही राष्ट्र की शक्ति का मूल आधार है। उन्होंने बताया कि हिन्दू दृष्टि समस्त सृष्टि के कल्याण की कामना करती है और मित्र तथा शत्रु सभी के लिए सद्भाव का भाव रखती है। महंत जयबख्श दास जी महाराज ने कहा कि संगठित हिन्दू समाज से ही संस्कृति, परंपरा और राष्ट्र सुरक्षित रहते हैं। उन्होंने युवाओं से धर्म और राष्ट्र के प्रति सजग रहने का आह्वान किया। श्रीमती आशिमा सिंह ने बताया कि हिन्दू एक सभ्यता और संस्कृति है, जिसमें नारी शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने लिंगानुपात संतुलन और नारी सम्मान पर विशेष जोर दिया। प्रधानाचार्य गोविंद सिंह ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र के साथ हुआ। इससे पहले, विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने गीत, गणेश वंदना, मयूर नृत्य और भजनों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *