बांदा में भारतीय किसान यूनियन ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा है। इसमें मवेशियों द्वारा फसलों को नुकसान पहुंचाने और खराब सरकारी नलकूप से पानी की बर्बादी की समस्याओं पर शिकायत की गई है। यूनियन ने ज्ञापन में बताया कि नरैनी तहसील के गुढाकला, बसराही, नौगवां, गहबरा, नीबी, बिरौना और बरूवा जैसे कई गांवों में मवेशियों किसानों की फसलों को लगातार बर्बाद कर रहे हैं। किसानों का आरोप है कि इस संबंध में प्रशासन को कई बार सूचित किया गया, लेकिन इन पशुओं के संरक्षण के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। यूनियन ने जिलाधिकारी से वन विभाग, पशुपालन विभाग और खंड विकास अधिकारी नरैनी को मवेशियों को संरक्षित करने का निर्देश देने की मांग की। दूसरी प्रमुख शिकायत बेलगांव स्थित सरकारी नलकूप संख्या 186 से संबंधित है। किसानों के अनुसार, इस नलकूप का साइफन और गोला खराब होने के कारण पानी बर्बाद हो रहा है और खेतों तक नहीं पहुंच पा रहा है। यह समस्या पहले किसान दिवस में भी उठाई गई थी, लेकिन इस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। यूनियन ने नलकूप विभाग को साइफन ठीक करवाने का निर्देश देने की मांग की है। भारतीय किसान यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो वे धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। यूनियन ने स्पष्ट किया कि ऐसी स्थिति में इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
बांदा में मवेशियों से फसलें बर्बाद, नलकूप खराब:किसान यूनियन ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर की शिकायत, प्रदर्शन की दी चेतावनी
📅 Published: December 29, 2025 |
📂 Category: India Up
