बागपत में दो मकानों में रखे पटाखों में लगी आग:4 लोग झुलसे, अवैध आतिशबाजी का कारोबार

📅 Published: December 8, 2025 | 📂 Category: India Up

बागपत में सोमवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई। जब दो मकानों में रखे पटाखों में अचानक आग लग गई। इस हादसे में चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला मुगलपुरा का है। जानकारी के अनुसार, हनीफ और सोनू के मकान आपस में जुड़े हुए हैं और दोनों पर अवैध रूप से आतिशबाजी का कारोबार करने का आरोप है। सोमवार शाम करीब 4 बजे हनीफ के मकान में रखे पटाखों में अचानक चिंगारी भड़क उठी, जिसके बाद तेज धमाका हुआ और आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें कुछ ही क्षणों में सोनू के मकान तक जा पहुंचीं, जहाँ रखे पटाखों ने भी आग पकड़ ली। कुछ ही मिनटों में दोनों मकानों में भीषण आग ने विकराल रूप ले लिया। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में आ गए और जान बचाने के लिए घरों से बाहर निकलकर भागने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फायर कर्मियों ने आसपास के लोगों की मदद से सबमर्सिबल पंप के जरिए पानी छिड़ककर आग बुझाने का प्रयास किया। लगभग दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। शहर कोतवाली प्रभारी दीक्षित कुमार त्यागी ने बताया कि मकान मालिक आतिशबाजी का कार्य करता है। अवैध आतिशबाजी के कारोबार की पुष्टि होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *