भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष और कैसरगंज से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह अपनी बेबाक शैली के साथ-साथ अपने खास शौक के लिए भी जाने जाते हैं। राजनीति के अखाड़े के अलावा, उन्हें घोड़ों और गायों के पालन का भी गहरा शौक है। गोंडा के विश्नोहरपुर स्थित उनके आवास के ठीक सामने बना विशाल अस्तबल और गौशाला इस बात का प्रमाण है। अब उनके इस अस्तबल की शोभा बढ़ाने के लिए पंजाब से एक नया और बेहद खास ‘मेहमान’ आया है। पंजाब के गुरप्रीत और दीपक ने दिया गिफ्ट में घोड़ा दरअसल, बृजभूषण शरण सिंह के जन्मदिन और नव वर्ष के आगमन से ठीक पहले उन्हें एक शानदार तोहफा मिला है। पंजाब से आए उनके शुभचिंतकों तेजवीर बराड़, गुरप्रीत और दीपक ने उन्हें एक उच्च नस्ल का घोड़ा भेंट किया है। इस घोड़े की खासियत और कीमत जानकर खुद पूर्व सांसद भी हैरान रह गए। बृजभूषण शरण सिंह ने खुद सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर इस नए घोड़े की जानकारी दी है। 4 तस्वीरें देखिए… घोड़े की खासियतें और ‘पासपोर्ट’ वीडियो में उन्होंने बताया कि यह घोड़ा महज 2 साल का है, यानी अभी बच्चा है, लेकिन इसकी उपलब्धियां बड़ी हैं। यह घोड़ा न केवल देश बल्कि विदेशों में होने वाली प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा ले चुका है। सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि इस घोड़े का बाकायदा ‘पासपोर्ट’ भी बना हुआ है, जो इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यात्रा करने और प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अनुमति देता है। बताया गया कि यह घोड़ा एक प्रतियोगिता में 17 लाख रुपये की इनामी राशि भी जीत चुका है। कीमत सुनकर चौंके बृजभूषण जब पूर्व सांसद ने इसे उपहार देने वालों से इसकी बाजारी कीमत पूछी, तो जवाब मिला डेढ़ करोड़ रुपये। यह सुनकर बृजभूषण शरण सिंह अपनी हंसी नहीं रोक पाए और मजाकिया लहजे में बोले, “यार, हम तो पागल हो जाएंगे।” उनकी यह प्रतिक्रिया और खुशी वीडियो में साफ देखी जा सकती है। बृजभूषण शरण सिंह पुराने समय से ही अच्छी नस्ल के घोड़े पालने के शौकीन रहे हैं। उनके अस्तबल में पहले से ही कई बेहतरीन घोड़े मौजूद हैं। अब इस ‘हाई-प्रोफाइल’ घोड़े के शामिल होने से उनके संग्रह में एक और नायाब नगीना जुड़ गया है। उन्होंने विधिवत रूप से इस घोड़े को अपने अस्तबल के कर्मचारियों को सौंप दिया है और इसकी विशेष देखभाल, खान-पान और सेवा करने के निर्देश दिए हैं। पंजाब से आए इस तोहफे की चर्चा अब पूरे क्षेत्र में हो रही है।
बृजभूषण को मिला पार्सपोर्ट वाला डेढ़ करोड़ का घोड़ा:पंजाब से आए दो युवकों ने दिया बर्थडे गिफ्ट, बोले- यार हम तो पागल हो जाएंगे
📅 Published: December 15, 2025 |
📂 Category: India Up
