महराजगंज के नौतनवां थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की तीन मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक महराजगंज श्री सोमेन्द्र मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नौतनवां श्री अंकुर गौतम के पर्यवेक्षण में की गई। नौतनवां थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 1 जनवरी को ग्राम चण्डीथान के पास चेकिंग अभियान चलाया था। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर बैरिया बाजार चौराहे से तीनों को लगभग 01:28 बजे पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नागेश्वर प्रजापति (उम्र लगभग 19 वर्ष), निवासी पैसिया कोनघुसरी, थाना नौतनवां, और अरुण राजपूत (उम्र करीब 20 वर्ष), निवासी पालिका नंबर 08 हसनापुर, थाना शिषपुरा बाजार, जनपद रुपनदेही (नेपाल) के रूप में हुई है। इनके साथ एक 13 वर्षीय बाल अपचारी भी शामिल था। पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इनमें दो हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिलें नंबर प्लेट सहित और एक बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल शामिल है। जांच में पता चला है कि इन आरोपियों के खिलाफ पहले भी चोरी से संबंधित मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया है। बाल अपचारी को नियमानुसार संरक्षण में रखा गया है।
महराजगंज नौतनवां पुलिस की बड़ी कार्रवाई:मोटरसाइकिल चोरी गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
📅 Published: January 1, 2026 |
📂 Category: India Up
