महिला की हत्या मामले में प्रेमी समेत परिवार पर FIR:बाराबंकी में 5 आरोपी गिरफ्तार, युवक के मां-बाप फरार

📅 Published: December 17, 2025 | 📂 Category: India Up

बाराबंकी के मसौली थाना क्षेत्र के शहाबपुर गांव में गोरखपुर से आई एक महिला ममता (30) की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके प्रेमी और पूरे परिवार के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मृतका के भाई अभिषेक यादव की तहरीर पर यह कार्रवाई की गई है। इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी दंपती अभी फरार हैं। पुलिस के अनुसार, ममता सोमवार देर रात अपने प्रेमी संदीप यादव के घर शहाबपुर पहुंची थी। मंगलवार तड़के धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने मृतका के परिजनों का इंतजार किया, लेकिन कोई नहीं पहुंचा। कई प्रयासों के बाद बुधवार रात गुड़गांव में रह रहे ममता के भाई अभिषेक यादव बाराबंकी पहुंचे। उन्होंने पहले पोस्टमार्टम हाउस में बहन के शव की पहचान की। इसके बाद मसौली थाने में संदीप, उसके माता-पिता और चार बहनों के खिलाफ हत्या की तहरीर दी। पुलिस ने घटना वाले दिन ही संदीप यादव और उसकी चारों बहनों सुधा, निधि, मीरा व कंचन को हिरासत में ले लिया था। पूछताछ के बाद इन पांचों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जिन्हें बृहस्पतिवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। वहीं, आरोपी संदीप के माता-पिता कमलेश और संतोष कुमारी घटना के बाद से फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमें गठित की गई हैं। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस पूछताछ में संदीप यादव ने हत्या का आरोप अपने माता-पिता पर लगाया है। उसकी बहनों सुधा, निधि, मीरा और कंचन ने भी अपने माता-पिता द्वारा कुल्हाड़ी से हत्या किए जाने की बात कही है। हालांकि, बहनों ने घटना के समय अपनी अलग-अलग मौजूदगी का दावा किया है। पुलिस सभी बयानों की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *