मैनपुरी के कोतवाली क्षेत्र में पशु चोरों ने बेखौफ होकर एक घर में घुसकर तमंचे के बल पर व्यक्ति को बंधक बना लिया और उसकी एक भैंस चुरा ले गए। यह सनसनीखेज घटना देवी रोड बाईपास की है। जिससे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित धनीराम पाल ने पुलिस को बताया कि वह अपने घर से सटे त्रिपाल के तंबू में सो रहे थे, जहां उनकी दो भैंसें बंधी हुई थीं। देर रात तीन अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे और अचानक उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने धनीराम के हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए, मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और कनपटी पर तमंचा लगाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने दोनों भैंसों को खोलकर पास खड़े पिकअप वाहन तक ले जाने का प्रयास किया। बदमाश एक भैंस को वाहन में लादने में सफल रहे, जबकि दूसरी भैंस अपने बछड़े के कारण वाहन में नहीं चढ़ सकी। इसके बाद आरोपी एक भैंस लेकर मौके से फरार हो गए। धनीराम ने बताया कि कुछ दिन पहले भी इन्हीं तीन बदमाशों ने चोरी का प्रयास किया था। उस समय उनके बेटे मुरारी के जागने और शोर मचाने पर आरोपी भाग गए थे, लेकिन जाते-जाते दोबारा लौटकर भैंस चोरी करने की धमकी दी थी। इस घटना की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई गई थी, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। चोरी की आशंका को देखते हुए धनीराम ने अपने घर पर सीसीटीवी कैमरे भी लगवाए थे, इसके बावजूद बदमाश वारदात को अंजाम देने में सफल रहे। पास में रहने वाले अजीत ने बताया कि बीती रात यही चोर उनकी भी भैंस खोलने आए थे, लेकिन कुत्ते के भौंकने से वे भाग निकले। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, जिले में लगातार हो रही पशु चोरी की घटनाओं से पशुपालकों में भारी आक्रोश और भय व्याप्त है। लोग पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
मैनपुरी में व्यक्ति को तमंचा दिखाकर भैंस चोरी:हाथ पैर बांधकर बनाया बंधक, जान से मारने की धमकी दी
📅 Published: January 7, 2026 |
📂 Category: India Up
