वीर बिरसा मुंडा साइक्लोथॉन मिर्जापुर पहुंचा:देशभक्ति का संदेश, रांची से दिल्ली तक की यात्रा

📅 Published: January 4, 2026 | 📂 Category: India Up

जल, जंगल और जमीन के लिए संघर्ष करने वाले वीर बिरसा मुंडा को समर्पित साइक्लोथॉन टीम का मिर्जापुर नगर पालिका पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। यह साइक्लोथॉन यात्रा 28 दिसंबर 2025 को रांची, झारखंड से प्रारंभ हुई थी। इसका समापन 26 जनवरी 2026 को नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस परेड समारोह के दौरान होगा। इस प्रेरणादायक यात्रा में 30 सदस्यीय साइक्लिंग दल शामिल है, जिसका नेतृत्व कर्नल अनिल यादव कर रहे हैं। दल में एनसीसी के वरिष्ठ अधिकारी, सूबेदार और बालक-बालिका कैडेट सम्मिलित हैं। टीम के प्रमुख सदस्यों में सूबेदार लाल, लालेश कुमार, हुमा, रोमित, दिव्या, दीप्ति, जुमीत, अंजुबर प्रभाकर और पिंटू राजू शामिल हैं। देश के महान आदिवासी स्वतंत्रता सेनानी एवं ‘धरती आबा’ के नाम से विख्यात वीर बिरसा मुंडा को नमन करते हुए यह साइक्लोथॉन यात्रा अपने पड़ाव मिर्जापुर पहुंची। यहां एनसीसी के कैडेटों ने दल का उत्साहपूर्ण स्वागत किया। यह दल अनुशासन, साहस और राष्ट्रभक्ति का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत करते हुए देश की युवा पीढ़ी को राष्ट्र सेवा के लिए प्रेरित कर रहा है। टीम के आगमन पर 101 एनसीसी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल राकेश उपाध्याय ने साइक्लोथॉन दल का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर 4 झारखंड एनसीसी बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अनिल कुमार भी उपस्थित रहे। दोनों वरिष्ठ अधिकारियों के बीच स्मृति चिन्हों का आदान-प्रदान किया गया। कार्यक्रम के दौरान एनसीसी कैडेटों द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को भावविभोर कर दिया। वीर बिरसा मुंडा (1875-1900) भारत के महानतम आदिवासी क्रांतिकारियों में से एक थे। उन्होंने ब्रिटिश शासन और शोषणकारी जमींदारी व्यवस्था के विरुद्ध आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक महाविद्रोह का नेतृत्व किया था। जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उनका संघर्ष आज भी राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है। अल्पायु में देश के लिए बलिदान देने वाले वीर बिरसा मुंडा को आज भी पूरे देश में श्रद्धा और सम्मान से स्मरण किया जाता है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *