शारदा नदी की कटान रोकने को लेकर धरना समाप्त:अधिकारियों ने दिया आश्वासन, बचाव कार्य जल्द शुरू होगा

📅 Published: January 11, 2026 | 📂 Category: India Up

पीलीभीत के कलीनगर तहसील में शारदा नदी के कटान से बचाव की मांग को लेकर चल रहा ग्रामीणों का अनिश्चितकालीन धरना समाप्त हो गया है। जिलाधिकारी और अन्य उच्चाधिकारियों के ठोस आश्वासन के बाद नौजल्हा नकटहा नंबर 1 और नंबर 2 के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थन में नारे लगाते हुए धरना खत्म किया। ग्रामीण कटान निरोधक परियोजना को प्रशासनिक स्वीकृति न मिलने से आक्रोशित थे। ये दोनों गाँव शारदा नदी के दाहिने किनारे पर स्थित हैं और हर साल भीषण कटान का सामना करते हैं। ग्रामीणों की मुख्य मांग थी कि मानसून शुरू होने से पहले ‘कटान निरोधक कार्य परियोजना’ को मंजूरी दी जाए और इस पर काम शुरू किया जाए। उनका कहना था कि यदि समय पर बचाव कार्य नहीं हुए, तो उनके घर और खेत नदी में समा सकते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए, जिलाधिकारी स्वयं मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा, “माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी की सरकार में किसी भी नागरिक को डरने की आवश्यकता नहीं है। सरकार जनहित के कार्यों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। परियोजना की स्वीकृति की प्रक्रिया अंतिम चरण में है और शीघ्र ही यहां कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।” जिलाधिकारी ने मौके पर ही प्रमुख सचिव (बाढ़) से फोन पर बात की। उन्होंने उन्हें स्थिति से अवगत कराया और परियोजना के लिए बजट तथा स्वीकृति की प्रक्रिया में तेजी लाने का आग्रह किया। प्रशासन के सकारात्मक रुख और मुख्यमंत्री के प्रति विश्वास के कारण ग्रामीणों का गुस्सा शांत हुआ। ग्रामीणों ने एक स्वर में मुख्यमंत्री के समर्थन में नारे लगाए और शासन का आभार व्यक्त किया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त करने की घोषणा की। इस अवसर पर कलीनगर के उपजिलाधिकारी परमेश कुमार, तहसीलदार वीरेंद्र कुमार और बाढ़ खंड के एसडीओ सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। कुछ और तस्वीरें देखिए

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *