संभल के आगरा-मुरादाबाद हाईवे पर शुक्रवार देर शाम दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत में दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक प्रॉपर्टी डीलर और एक युवक शामिल है। हादसे के बाद राहगीरों ने पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह सड़क हादसा गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के रसूलपुर पेट्रोल पंप के पास शाम करीब 6 बजे हुआ। मृतकों की पहचान प्रॉपर्टी डीलर सत्येंद्र यादव उर्फ अमित (28) पुत्र बलदेव सिंह निवासी सराय कस्बा, गुन्नौर और श्याम बाबू कुमार (25) पुत्र राजपाल निवासी उस्मानपुर, बदायूं के रूप में हुई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के डॉ. अभिषेक सिंह ने दोनों को मृत घोषित किया। पुलिस के अनुसार, प्रॉपर्टी डीलर सत्येंद्र यादव अपने भाई की अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए पड़ोसी जनपद बुलंदशहर के रामघाट गंगा घाट जा रहे थे। वहीं, मृतक श्याम बाबू कुमार मोबाइल का फोल्डर डलवाने के लिए निकला था, जैसा कि उनके पिता राजपाल ने बताया। मृतक श्याम बाबू अपने पीछे पत्नी मिथिलेश, चार साल के बेटे टिंकू और छह व दो साल की दो बेटियों सुधा व छवि को छोड़ गए हैं। प्रॉपर्टी डीलर सत्येंद्र की पत्नी का नाम सपना है और उनका एक तीन साल का बेटा दक्ष है। सीओ गुन्नौर आलोक सिद्धू ने बताया कि सड़क हादसे में दो अलग-अलग बाइक चालकों की मौत हुई है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया जारी है।
संभल में दो बाइकों की भिड़ंत, दो की मौत:प्रॉपर्टी डीलर ममेरे भाई की अंत्येष्टि में और दूसरा युवक मोबाइल ठीक कराने जा रहा था
📅 Published: December 12, 2025 |
📂 Category: India Up
