सहारनपुर में प्रतिबंधित आम के पेड़ों की तस्करी:एक आरोपी अरेस्ट, ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर लकड़ी बरामद, मंडी में बेचने निकला था तस्कर

📅 Published: December 15, 2025 | 📂 Category: India Up

सहारनपुर में पर्यावरण संरक्षण के प्रति पुलिस की सख्ती बढ़ गई है। इसी क्रम में थाना कुतुबशेर पुलिस ने प्रतिबंधित हरे आम के पेड़ों की अवैध कटान और तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने सोमवार को एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ट्रैक्टर-ट्रॉली सहित भारी मात्रा में आम के हरे तनों की लकड़ी बरामद की। यह कार्रवाई ईदगाह रोड क्षेत्र में नियमित चेकिंग अभियान के दौरान हुई। पुलिस टीम ने एक संदिग्ध ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोका, जिसकी जांच करने पर उसमें आम के पेड़ों के हरे तने लदे पाए गए। लकड़ी से संबंधित कोई वैध अनुमति या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने तत्काल ट्रैक्टर चालक को हिरासत में ले लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सहारनपुर के चिलकाना थाना क्षेत्र स्थित ग्राम सालरी निवासी इस्तकार पुत्र आलिम के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने गांव सालरी क्षेत्र से प्रतिबंधित हरे आम के पेड़ों को अवैध रूप से काटा था। वह इस लकड़ी को मंडी में बेचने के इरादे से ट्रैक्टर-ट्रॉली के जरिए ले जा रहा था। पुलिस द्वारा बरामदगी में एक महिंद्रा कंपनी का ट्रैक्टर-ट्रॉली, आम के 60 बड़े हरे तनों के टुकड़े और 45 छोटे व पतले टहने शामिल हैं। बरामद लकड़ी की मात्रा से संकेत मिलता है कि आरोपी लंबे समय से इस अवैध धंधे में लिप्त हो सकता है। थाना कुतुबशेर पुलिस ने आरोपी इस्तकार के खिलाफ वन अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हरे पेड़ों की कटान पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है और ऐसे मामलों में कोई लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *