सहारनपुर में महिला से साइबर ठगी:SBI और यूनियन बैंक खातों से उड़ाए 1.99 लाख, शिकायत 1930 पर दर्ज कराई

📅 Published: December 11, 2025 | 📂 Category: India Up

सहारनपुर में एक महिला से साइबर ठगी का मामला सामने आया है। पीड़िता के एसबीआई और यूनियन बैंकों के खाते से साइबर ठगों ने 1.99 लाख रुपए उड़ा दिए। पीड़िता ने बताया कि उनकी बेटी अमेरिका में रहती है और हर माह खर्च के लिए उनके और उनके पति के बैंक खातों में पैसे भेजती है। पीड़िता ने पहले 1930 पर शिकायत दर्ज कराई, उसके बाद थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। मामला थाना सदर बाजार क्षेत्र का है। थाना सदर बाजार क्षेत्र की आवास विकास कॉलोनी की रहने वाली अंजू विज ने तहरीर में बताया कि उनकी बेटी नीति अमेरिका में रहती है। वो हर माह अपने माता-पिता के बैंक अकाउंट में पैसा डालती है। पीड़िता ने बताया कि इस बार जब उनकी बेटी नीति ने उनके SBI खाते और पति सुरेंद्र कुमार विज के यूनियन बैंक खाते में पैसे भेजने का प्रयास किया, तो पैसे जमा नहीं हो रहे थे। इसके बाद उन्होंने गूगल पर सर्च कर बैंक का हेल्पलाइन नंबर प्राप्त किया और खाते में पैसा जमा न होने का कारण जानना चाहा। पीड़िता के अनुसार, फोन पर बात कर रहे व्यक्ति ने उनसे बैलेंस चेक करने को कहा। इसके कुछ ही देर बाद उनके SBI खाता से 99,500 रुपए और उनके पति के यूनियन बैंक खाते से 99,500 रुपए निकाल लिए गए। कुल मिलाकर 1.99 लाख रुपए की साइबर ठगी की गई। घटना 8 दिसंबर की बताई जा रही है। वहीं, 1930 पर शिकायत दर्ज की गई। उसके बाद पीड़िता ने थाना सदर बाजार में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *