हॉस्टल में 9वीं के स्टूडेंट का मर्डर,कौन है आरोपी ‘जोकर-गैंग’:पिता बोले- गले पर निशान से हत्या का पता चला, स्कूल ने हार्टअटैक बताया

📅 Published: December 26, 2025 | 📂 Category: India National

‘पापा, 1 जनवरी को मेरा जन्मदिन है। आप केक भेज देना। या 500 रुपए भेज देना, मैं यहीं खरीद लूंगा। ये बेटे सिबा से मेरी आखिरी बात थी। 11 दिसंबर को उसके स्कूल से फोन आया कि आपका बच्चा बीमार है। हम पहुंचे तो उसकी लाश मिली। गले पर निशान थे। स्कूल वालों ने कहा कि दिल का दौरा पड़ा है। उसका पोस्टमॉर्टम नहीं कराया। अब पता चला कि मेरे बच्चे को जोकर गैंग ने मार डाला।’ 14 साल के बेटे सिबा को याद करते ही रघुनाथ की आंखें भर आती हैं। सिबा ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर के कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज (KISS) में पढ़ता था। दावा है कि 30 हजार स्टूडेंट वाला ये इंस्टीट्यूट आदिवासी छात्रों का दुनिया का सबसे बड़ा आवासीय स्कूल है। आरोप है कि यहां पढ़ने वाले तीन नाबालिग स्टूडेंट्स ने सिबा की गला घोंटकर हत्या कर दी। स्कूल मैनेजमेंट ने मामले को दबाने की कोशिश की, लेकिन जांच में हत्या की बात सामने आ गई। पता चला कि सिबा का खुद को जोकर गैंग कहने वाले स्टूडेंट्स के एक ग्रुप से झगड़ा हुआ था। इसी झगड़े में उसकी हत्या कर दी गई। दैनिक भास्कर ने सिबा के परिवार और पुलिस से बात की। पढ़िए ये रिपोर्ट… बाथरूम में बाल्टी का झगड़ा, सिबा का मर्डर
सिबा का परिवार केओनझार जिले के टिकरगुमुरा गांव में रहता है। सिबा 200 किमी दूर भुवनेश्वर में हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा था। 11 दिसंबर, 2025 की रात सिबा बाथरूम गया था। पुलिस के मुताबिक, वहां 14-15 साल के तीन स्टूडेंट वहां मौजूद थे। ये तीनों खुद को ‘जोकर गैंग’ कहते थे और बाकी स्टूडेंट को डराते-धमकाते थे। झगड़े की शुरुआत एक बाल्टी से हुई। आरोपी नाबालिगों ने सिबा ने बाल्टी मांगी। सिबा ने इनकार कर दिया। इससे गुस्साए आरोपियों ने पहले उसे पीटा, फिर गला दबाकर हत्या कर दी। शुरुआत में स्कूल ने सिबा की मौत को हादसा बताया। 12 दिसंबर की सुबह सिबा को कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (KIMS) ले जाया गया। डॉक्टरों ने बिना पोस्टमॉर्टम के मौत की वजह ‘दिल का दौरा’ या ‘बाथरूम में फिसलकर गिरना’ बता दिया। उधर, अफसरों ने परिवार को फोन करके कहा कि बच्चा बीमार पड़ गया है। परिवार भुवनेश्वर पहुंचा, तो डेडबॉडी उन्हें सौंप दी गई। उन्हें कोई मेडिकल रिपोर्ट नहीं दी गई। पुलिस को खबर नहीं दी गई। यह सब इतनी जल्दबाजी में किया गया कि परिवार को शक होने लगा। इसके बाद सिबा के पिता रघुनाथ मुंडा ने 13 दिसंबर को केओनझार पुलिस में जीरो FIR दर्ज कराई। यह FIR भुवनेश्वर के इन्फोसिटी पुलिस स्टेशन में ट्रांसफर हुई। पुलिस ने केओनझार में सिबा का पोस्टमॉर्टम कराया। इसकी रिपोर्ट 16 दिसंबर को आई। रिपोर्ट में मौत का कारण गला दबाने से दम घुटना आया। भुवनेश्वर के पुलिस कमिश्नर एस देव दत्ता सिंह ने बताया कि यह हत्या का मामला है, न कि हादसा। तीनों आरोपियों ने जुर्म कबूल लिया है। तीनों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश कर ऑब्जर्वेशन होम भेज दिया गया। स्कूल के 8 अधिकारियों को हत्या, सबूत मिटाने और लापरवाही के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। इनमें एडिशनल सीईओ प्रमोद पात्रा, हॉस्टल वॉर्डन शामिल हैं। पिता बोले- स्कूल ने हमें गुमराह किया, सबूत छिपाए
दैनिक भास्कर से बातचीत में सिबा के पिता रघुनाथ मुंडा कहते हैं, ‘सिबा तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। सिबा को अच्छी पढ़ाई मिले, इसलिए मैंने उसे भुवनेश्वर भेजा था। वहां मुफ्त पढ़ाई होती है। रहना-खाना सब फ्री है। हमारे जैसे गरीब परिवार के लिए यह सपना था। मैं हर महीने सिबा से मिलने जाता था। खाना और पॉकेट मनी देकर आता था। सिबा ने कभी कोई शिकायत नहीं की। वह हमेशा कहता था कि पापा, मैं ठीक हूं। पढ़ाई अच्छी चल रही है।’ रघुनाथ आगे कहते हैं, ‘स्कूल ने हमें गुमराह किया। पुलिस को नहीं बताया, सबूत मिटा दिए। अगर समय पर जांच होती, तो शायद सिबा बच जाता। मैंने उसके गले पर निशान देखा। इससे पता चला उसकी मौत एक्सीडेंट नहीं है। मेरे बच्चे को एक बाल्टी के लिए मार दिया।’ सिबा की मां जेनामणि कहती हैं, ‘सिबा घर आता था, तो छोटे भाइयों को पढ़ाता था। उनके साथ खेलता था। गांव में सब उसे प्यार करते थे।’ तीन स्टूडेंट ने बनाया जोकर गैंग
हमने स्कूल के कुछ बच्चों से बात की। उन्होंने बताया कि स्कूल का कुछ स्टाफ बहुत खराब हैं। यहां के मैनेजमेंट में बहुत दिक्कतें हैं। कैंपस के अंदर कई स्टूडेंट ने अपने ग्रुप या गैंग बना रखे हैं। पुलिस के मुताबिक, जोकर गैंग तीन नाबालिग छात्रों का गिरोह था। ये हॉस्टल में आतंक मचाते थे। जोकर फिल्म से प्रेरित होकर उन्होंने अपने ग्रुप का नाम ‘जोकर गैंग’ रखा। हॉस्टल की दीवार पर उन्होंने चॉक से ‘जोकर गैंग’ लिखा था। ये सभी छात्र आदिवासी समुदाय के ही हैं। आरोप है कि गैंग पहले भी कुछ छात्रों से मारपीट कर चुका था। एक बार दाल गिरने पर झगड़ा हुआ था। यही सिबा के साथ विवाद की जड़ था। यही गुस्सा बाल्टी के झगड़े में निकला। तीनों ने मिलकर सिबा को पकड़ा और गला दबा दिया। पुलिस बोली- रात करीब 2:45 बजे बच्चे की हत्या
स्कूल में चल रहे गैंग और सिबा की हत्या पर हमने इन्फोसिटी थाने के इंस्पेक्टर महेंद्र कुमार साहू से बात की। वे बताते हैं, ‘घटना की रात सिबा मुंडा रात करीब 2 बजे बाथरूम में गया था। इसी दौरान आरोपियों में से एक ने सिबा से उसकी बाल्टी मांगी। बाल्टी देने से इनकार करने पर आरोपी ने अपने बनाए जोकर गैंग के दो लोगों को बुला लिया। तीनों ने मिलकर रात करीब 2:45 बजे सिबा मुंडा का गला घोंटकर हत्या कर दी। उस समय हॉस्टल में ज्यादातर छात्र सो रहे थे। इससे घटना की जानकारी किसी को नहीं हो सकी। स्कूल के स्टाफ ने सबूत मिटाए, डॉक्टरों की भूमिका भी संदिग्ध
सिबा की जांच करने वाले KIMS के डॉक्टरों की भूमिका भी संदिग्ध है। आरोप है कि उन्होंने बिना पोस्टमॉर्टम डेथ सर्टिफिकेट जारी कर दिया। पुलिस कमिश्नर एस देव दत्ता सिंह ने कहा कि अस्पताल की लापरवाही की जांच होगी। KISS और KIMS एक ही ग्रुप के इंस्टीट्यूट हैं, इसलिए भी मामले को दबाने का आरोप है। स्कूल ने मौत की वजह छिपाई, गवाहों को धमकाया और सबूत मिटाए। KIMS ने फर्जी सर्टिफिकेट दिया। परिवार पर जल्दी शव ले जाने का दबाव डाला। पुलिस में रिपोर्ट नहीं की। ये सब इंस्टीट्यूट की साख बचाने के लिए किया गया। स्कूल ने पुलिस को खबर नहीं थी, इसलिए वह जीरो FIR के बाद एक्टिव हुई। पुलिस ने प्रिंसिपल रश्मिरंजन नायक को 17 दिसंबर को गिरफ्तार कर लिया। एडिशनल CEO प्रमोद कुमार पात्रो को भी गिरफ्तार किया गया है। हमने KIIT की PRO डायरेक्टर श्रद्धांजलि नायक से बात की। उन्होंने बताया कि फिलहाल मामले की जांच चल रही है। अभी मीडिया से बात करने की परमिशन नहीं है। पहले भी विवादों में रहा KISS
कलिंग इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज यानी KISS पहले भी विवादों में रहा है। संस्थान के फाउंडर अच्युत सामंत BJD के पूर्व सांसद हैं। KISS और इससे जुड़े KIIT कैंपस में पहले भी संदिग्ध मौतें हुई हैं। पहला केस: नेपाली स्टूडेंट की हॉस्टल में मौत
16 फरवरी, 2025 को BTech थर्ड ईयर की स्टूडेंट प्रकृति लामसाल ने KIIT यूनिवर्सिटी हॉस्टल में सुसाइड कर लिया था। इसके बाद ओडिशा विधानसभा से लेकर नेपाल की संसद तक हंगामा हुआ। प्रकृति के पिता सुनील लामसाल ने आरोप लगाया कि बेटी को उसका बैचमेट अद्विक श्रीवास्तव परेशान करता था। ये बात यूनिवर्सिटी प्रशासन जानता था। इसी वजह से उसने सुसाइड कर लिया। पुलिस ने अद्विक समेत 11 आरोपियों को अरेस्ट किया था। इसके बाद मई में बीटेक साइंस की स्टूडेंट प्रिसा साह ने सुसाइड कर ली थी। उसकी डेडबॉडी कमरे में पंखे से लटकी मिली थी। पुलिस ने इसे भी आत्महत्या माना था। दूसरा केस: छत्तीसगढ़ के स्टूडेंट ने सुसाइड किया
कलिंगा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडस्ट्रियल टेक्नोलॉजी के बीटेक फर्स्ट ईयर के स्टूडेंट राहुल यादव का शव उसके हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला था। कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई कर रहा राहुल यादव छत्तीसगढ़ का रहने वाला था। शुरुआती जांच में पता चला है कि राहुल किसी लड़की के साथ रिलेशन में था। राहुल की मां निर्मला यादव ने आरोप लगाया था कि लड़की के पिता राहुल को धमकाते थे। इस वजह से वो मानिसक तनाव में था। मैंने कई बार हॉस्टल प्रशासन से कहा था कि राहुल पर नजर रखना, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया।’

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *