सोनभद्र में डायल-112 को मिलीं 16 नई स्कार्पियो:एसपी ने पुलिस लाइन से हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

सोनभद्र पुलिस को डायल-112 सेवा के लिए 16 नई स्कॉर्पियो गाड़ियां मिली हैं। एसपी अभिषेक वर्मा ने शुक्रवार को चुर्क पुलिस लाइन से इन वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये सभी वाहन अत्याधुनिक संचार उपकरणों, जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, फर्स्ट-रेस्पॉन्स किट और अन्य आवश्यक सुरक्षा संसाधनों से सुसज्जित हैं। इन्हें जनपद के विभिन्न थानों और महत्वपूर्ण भ्रमणशील बीट्स पर तैनात किया जाएगा। इन गाड़ियों के संचालन से आपातकालीन प्रतिक्रिया समय में कमी आएगी। इससे पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता बढ़ेगी और नागरिकों को दुर्घटना, विवाद, महिला सुरक्षा, अपराध नियंत्रण तथा अन्य आपात स्थितियों में तेज़, सुरक्षित और भरोसेमंद सहायता मिल सकेगी। इन 16 स्कॉर्पियो वाहनों के जुड़ने से डायल-112 प्रणाली की कवरेज और गतिशीलता में महत्वपूर्ण विस्तार होगा। इससे पुलिस गश्त, रूट डोमिनेशन और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी अधिक प्रभावी ढंग से की जा सकेगी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने कहा कि आधुनिक संसाधनों से लैस इन वाहनों का समुचित उपयोग कर जनपद में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा और जनसेवा की गुणवत्ता को नए स्तर पर ले जाया जाएगा। इसी अवसर पर पुलिस अधीक्षक वर्मा ने परेड ग्राउंड, पुलिस लाइन चुर्क में शुक्रवार साप्ताहिक परेड की सलामी ली और उसका गहन निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस बल और आरटीसी आरक्षियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से फिट रहने के लिए दौड़ लगवाई तथा अनुशासन व एकरूपता बनाए रखने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, पुलिस अधीक्षक ने जनपद के समस्त थानों से निरीक्षण हेतु आए वाहनों, परिवहन शाखा, कैंटीन, ड्रोन कैमरा, स्टोर रूम, आरटीसी मेस, पुलिस बैरक, शौचालय, कंप्यूटर कक्ष और आरटीसी स्कूल का भी विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने सभी इकाइयों को साफ-सफाई, अनुशासन और कार्य के प्रति समर्पण बनाए रखने के निर्देश दिए।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *