मिर्जापुर के मेडिकल कॉलेज से संबंधित ब्लड बैंक में रक्त की कमी को पूरा करने के लिए बीएचयू साउथ कैंपस के छात्रों और शिक्षकों ने रक्तदान किया। बरकछा स्थित बीएचयू साउथ कैंपस के पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान संकाय में गुरुवार को एक विशेष स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इसमें कुल 52 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। राष्ट्रीय सेवा योजना 16 ए एवं 16 बी यूनिट के प्रोग्राम ऑफिसर डॉ. सौरभ करुणामय और डॉ. मुकेश कुमार भारती ने इस शिविर का नेतृत्व किया। कार्यक्रम में कुल 60 लोगों ने पंजीकरण कराया। मेडिकल जांच के बाद, 52 स्वस्थ दाताओं को रक्तदान की अनुमति दी गई, जिन्होंने उत्साहपूर्वक रक्त दान किया। डॉ. सौरभ करुणामय ने कहा कि जिला अस्पतालों में रक्त की कमी चिंताजनक है और रक्तदान एक महादान है। उन्होंने हर स्वस्थ व्यक्ति से समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का आग्रह किया। यह शिविर मरीजों का जीवन बचाने के साथ-साथ युवाओं में मानवता और सेवा की भावना को भी मजबूत करने वाला साबित हुआ। शिविर में जनसंपर्क अधिकारी राम कुमार गुप्ता और शुभम् गुप्ता ने सभी रक्तदाताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। डॉ. विनोद कन्नौजिया ने रक्तदाताओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया, जबकि संकाय के डीन प्रो. डॉ. अमित राज गुप्ता का इस पूरे आयोजन में निरंतर सहयोग रहा। डॉ. मुकेश कुमार ने श्रीसाईं परिवार सेवा संगठन की सेवा भावना की प्रशंसा करते हुए आभार व्यक्त किया। छात्रों के लिए फल, जूस और नाश्ते की व्यवस्था करने के लिए शुभम गुप्ता को विशेष धन्यवाद दिया गया। इस दौरान रक्तदान करने वालों में डॉ. सरोज कुमार, डॉ. तुलसी रमन पी, डॉ. राहुल कदम, डॉ. बाला मुरुगन, डॉ. कृष्णेंदु कुंडू, अंकिता, निशा, प्रेरणा, कला, वैष्णवी, राधिका, शिवानी, महक, आयुष, हर्षित, निकुंज, ओम प्रकाश, ऋतिक, पंकज, कुनाल, अविनाश और अंशु सहित कई छात्र और शिक्षक शामिल थे।
मिर्जापुर में बीएचयू साउथ कैंपस में रक्तदान शिविर का आयोजन:ब्लड बैंक में कमी पूरी करने को 52 यूनिट रक्तदान
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
