महाराजगंज में भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा बढ़ी:अयोध्या में पीएम मोदी के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन सतर्क, दिल्ली ब्लास्ट के बाद निगरानी तेज

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

दिल्ली में हुए ब्लास्ट के बाद अयोध्या में 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राम मंदिर में ध्वजारोहण कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। यह सुरक्षा अयोध्या से लेकर भारत-नेपाल सीमा तक चाक-चौबंद की गई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में लगभग 4 घंटे तक रहेंगे। वे 190 फुट ऊंचे शिखर पर धर्म ध्वज फहराकर मंदिर निर्माण के समापन का संदेश देंगे। इस दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित हजारों की संख्या में गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री मंदिर परिसर में आमंत्रित 7000 से अधिक अतिथियों को भी संबोधित करेंगे। इस बड़े धार्मिक आयोजन में किसी भी देश विरोधी तत्व या आतंकी द्वारा कोई बाधा न डाली जा सके, इसके लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली में हुए ब्लास्ट के मद्देनजर, अयोध्या से लेकर भारत-नेपाल सीमा तक सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया है। महराजगंज के पुलिस अधीक्षक सोमेंद्र मीणा ने बताया कि दिल्ली ब्लास्ट के बाद से ही भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। सीमावर्ती क्षेत्रों में ग्राम सुरक्षा समितियों की बैठकें आयोजित की गई हैं। पगडंडी मार्गों पर पूर्व से चल रही पिकेट्स को और सक्रिय किया गया है। एसएसबी जवानों के साथ पुलिस संयुक्त रूप से भारत-नेपाल सीमा पर गश्त कर रही है, ताकि देश विरोधी तत्व या अवैध घुसपैठिए सीमा पार न कर सकें। सभी सीसीटीवी कैमरों को और क्रियाशील किया गया है। संवेदनशील क्षेत्रों में, जहां अवैध प्रवेश की संभावना हो सकती है, वहां अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। खुफिया इकाई (LIU) से लगातार रिपोर्ट ली जा रही है और भारत-नेपाल सीमा पर राजपत्रित अधिकारी भ्रमणशील रहते हैं। पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि दिल्ली ब्लास्ट के बाद सीमावर्ती क्षेत्रों में झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले और फेरीवालों का भी सत्यापन कराया जा रहा है, और उनके दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *