झांसी में कोतवाली इलाके के सराफा बाजार में सेंट्रल GST की टीम ने ज्वेलरी शोरूम पर छापा मारा है। दोपहर दो बजे जीएसटी की अधिकारी सराफा बाजार के जय प्रकाश अग्रवाल के शोरूम पर पहुंचे और सभी दस्तावेज कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी। शो रूम के अंदर कोई भी बाहरी व्यक्ति न आ सके इसके लिए यहां पुलिस भी तैनात की गई है। बता दें कि सराफा बाजार में राज्य और केंद्रीय कर विभाग लगातार छापेमारी की कार्रवाई कर रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को सेंट्रल जीएसटी की टीम में शामिल आठ अधिकारी जय प्रकाश अग्रवाल सर्राफ के शो रूम पर पहुंचे। यहां कस्टमर बनकर पहुंचे अधिकारियों ने पहले शो रूम का मुआयना किया इसके बाद पुलिस जवानों को शो रूम के गेट पर तैनात कर छापेमारी शुरू कर दी। इससे शो रूम में हड़कंप की स्थिति बन गई। यहां अधिकारियों ने सभी दस्तावेज अपने कब्जे में लेकर शो रूम में मौजूद स्टॉक से उसका मिलान शुरू कर दिया है। हालांकि, अभी अधिकारी ये स्पष्ट नहीं कर रहे हैं कि शो रूम में कितने रुपए के टैक्स में हेराफेरी की गई है। खबर लिखे जाने तक सेंट्रल जीएसटी की कार्रवाई जारी है। सराफा बाजार में 10 दिन में दूसरा छापा सेंट्रल और स्टेट जीएसटी के रडार पर इस समय सराफा बाजार के व्यापारी आ गए हैं। बता दें कि 8 दिन पहले स्टेट जीएसटी की टीम ने सराफा बाजार के गंदीगर के टपरा पर जेवर कोठी के नाम से चल रहे शो रूम पर छापा मारा था, यहां से भी टीम को बड़े पैमाने पर टैक्स चोरी मिली थी। हालांकि, अभी उस मामले में जांच जारी है।
झांसी में सेंट्रल GST ने ज्वेलर शॉप पर मारा छापा:शोरूम के गेट पर पुलिस तैनात कर अधिकारी कर रहे छानबीन
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
