कन्नौज में आशा बहुओं का प्रदर्शन, मानदेय भुगतान की मांग:भुगतान न होने पर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन की चेतावनी

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

कन्नौज में आशा बहुओं ने अपने रुके हुए मानदेय के भुगतान की मांग को लेकर सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी यदि जल्द ही भुगतान नहीं किया गया तो वे चार दिन बाद जिला मुख्यालय पर बड़ा प्रदर्शन करेंगी। आशा कार्यकर्ताओं ने इस संबंध में सीएमओ को एक मांग पत्र भी सौंपा। शुक्रवार दोपहर को बिनोद दीक्षित अस्पताल परिसर स्थित सीएमओ कार्यालय के बाहर आशा बहुओं ने स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. स्वदेश गुप्ता मौके पर पहुंचे और आशा कार्यकर्ताओं को समझाने का प्रयास किया। आशा बहुओं ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य विभाग उनसे लगातार सेवाएं ले रहा है, लेकिन उन्हें महीनों से मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है। इससे उनके सामने गंभीर आर्थिक समस्याएं खड़ी हो गई हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि वे लंबे समय से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रही हैं, लेकिन शासन-सत्ता में बैठे लोगों को इसकी कोई परवाह नहीं है। आशा कार्यकर्ताओं ने सरकार पर वादाखिलाफी का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि यदि मानदेय का भुगतान शीघ्र नहीं हुआ तो वे 26 नवंबर को जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन करेंगी और 12 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चली जाएंगी। हालांकि, सीएमओ ने आशा कार्यकर्ताओं को उनके मानदेय के जल्द भुगतान का आश्वासन दिया है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *