उन्नाव के गंगाघाट नगर पालिका क्षेत्र में शुक्रवार शाम को अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। पुलिस के साथ मिलकर चलाए गए इस संयुक्त अभियान में सड़क और फुटपाथ पर अवैध कब्जा जमाए बैठे दुकानदारों और ठेले-खोमचे वालों पर कार्रवाई हुई। यह अभियान कोतवाली गेट के सेल्फी प्वाइंट से लेकर पालिका कार्यालय तक चलाया गया। इस दौरान करीब डेढ़ दर्जन अतिक्रमण हटाए गए और मौके पर ही ₹4600 का जुर्माना भी वसूला गया। नगर पालिका की टीम जेसीबी और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची। पहले अतिक्रमणकारियों को स्वेच्छा से कब्जा हटाने की चेतावनी दी गई, लेकिन निर्देशों की अनदेखी करने पर पालिका ने जबरन सामान हटवाया। फुटपाथों पर फैला रेहड़ी-फेरी वालों का सामान, सड़क पर रखे लोहे-लकड़ी के ढांचे और दुकानदारी का अतिरिक्त सामान हटाया गया। अभियान के दौरान क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कई लोग अपना सामान समेटने में जुट गए। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली और किसी भी तरह की नोकझोंक या विरोध की स्थिति को बनने नहीं दिया। पालिका अधिकारियों ने बताया कि कोतवाली गेट से पालिका कार्यालय तक का मार्ग अत्यधिक भीड़भाड़ वाला है। यहां आए दिन अव्यवस्था और जाम की शिकायतें मिल रही थीं। दुकानदारों द्वारा सड़क पर कब्जा कर लेने से पैदल चलने वालों और वाहन चालकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इन्हीं समस्याओं के समाधान के लिए यह अभियान चलाया गया। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि भविष्य में भी ऐसे अभियान नियमित रूप से चलाए जाएंगे। दोबारा अतिक्रमण करते पाए जाने वालों पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर पालिका अध्यक्ष कौमुदी पांडे ने कहा कि शहर को सुंदर, साफ-सुथरा और यातायात के दृष्टिकोण से सुचारु बनाए रखने के लिए अतिक्रमण हटाना आवश्यक है। उन्होंने लोगों से सड़क और फुटपाथ पर कब्जा न करने और शहर की स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
उन्नाव में अवैध दुकानों पर चला बुलडोजर:कोतवाली गेट से पालिका कार्यालय तक कब्जे हटाए, जुर्माना भी लगाया
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
