बदायूं में एक पुजारी की हत्या और लूट के मामले का खुलासा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सीसीटीवी कैमरे के मालिक को एसएसपी ने सम्मानित किया है। पुलिस ने नवादा के व्यापारी सलीम को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। यह घटना 16 नवंबर की रात सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के गांव खेड़ा बुजुर्ग स्थित सर्वेश्वर श्रीसाईं मंदिर में हुई थी। यहां पुजारी मनोज शंखधार की गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। हत्यारों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए दो चांदी के मुकुट और सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी चुरा लिया था। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर इस मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। ये तीनों मृतक मनोज के रिश्तेदार निकले। जांच में सामने आया कि हत्या की वजह मनोज का अपने बड़े भाई की साली के साथ प्रेम प्रसंग था। एसएसपी ने बताया कि जांच के दौरान नवादा के व्यापारी सलीम की दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में हत्यारे बाइक से भागते हुए कैद हो गए थे। यह फुटेज पुलिस के लिए पहला महत्वपूर्ण सुराग साबित हुआ, जिसकी मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी। इस केस में सीसीटीवी कैमरों की भूमिका काफी अहम रही। एसएसपी ने अन्य व्यापारियों को भी अपनी दुकानों पर कैमरे लगवाने के लिए प्रेरित किया है। इसी क्रम में सलीम को आज प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। एसएसपी ने आम जनता से भी अपने घरों और दुकानों के बाहर सीसीटीवी कैमरे लगवाने की अपील की है, ताकि भविष्य में किसी भी आपराधिक घटना के खुलासे में मदद मिल सके।
बदायूं हत्याकांड, CCTV फुटेज से मिला सुराग:पुलिस ने व्यापारी को प्रशस्ति पत्र देकर किया सम्मानित
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
