हापुड़ शहर में शुक्रवार को शादियों के सीजन और यातायात व्यवस्था की अव्यवस्था के कारण भीषण जाम लग गया। प्रमुख तहसील चौपला पर सुबह से शाम तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे वाहन चालकों और शहर के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यातायात पुलिस के प्रयासों के बावजूद अतिक्रमण और ई-रिक्शा के कारण जाम खोलने में सफलता नहीं मिल सकी।शुक्रवार सुबह तहसील चौपला पर जाम लगना शुरू हो गया था, जो दोपहर करीब 12 बजे तक इतना लंबा हो गया कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। तहसील चौपला से जुड़े दिल्ली-गढ़ रोड, बुलंदशहर रोड, कचहरी रोड और मेरठ तिराहा पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें देखी गईं। इस दौरान स्कूली वाहनों में सवार बच्चों को सबसे अधिक परेशानी हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि अतिक्रमण और ई-रिक्शा के कारण आए दिन जाम की समस्या उत्पन्न होती है। उनका आरोप था उसके बावजूद ई-रिक्शा और ऑटो चालक यात्रियों को सड़क पर ही उतारते-चढ़ाते हैं, लेकिन उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जाती। सुबह से लगा यह जाम शाम पांच बजे तक जारी रहा। यातायात प्रभारी निरीक्षक छविराम ने बताया कि वाहनों का दबाव अचानक बढ़ने के कारण जाम लग गया था। उन्होंने कहा कि यातायात पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद जाम खुलवाने का प्रयास किया। उन्होंने ने यह भी आश्वासन दिया कि अतिक्रमण और डग्गामार वाहनों के खिलाफ जल्द ही अभियान चलाया जाएगा।
हापुड़ में वाहनों की कतारें बढ़ीं:शादियों के सीजन में ट्रैफिक जाम से परेशान लोग
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
