जालौन में प्रतिबंधित कछुए का शिकार, 2 गिरफ्तार:पकाकर खा गए थे, मौके से अवशेष हुए बरामद

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

जालौन के कदौरा थाना क्षेत्र के हासा गांव में प्रतिबंधित प्रजाति के कछुए का शिकार कर उसे पकाकर खाने का मामला सामने आया है। इस मामले में वन विभाग ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। गांव निवासी राजू अहिरवार और चांद बाबू शुक्रवार को तालाब किनारे घूम रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक प्रतिबंधित प्रजाति का कछुआ मिला। वे उसे पकड़कर घर ले आए और मारकर पकाकर खा लिया। घटना की जानकारी स्थानीय लोगों तक पहुंचते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। किसी ग्रामीण ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन दरोगा मयंक दीक्षित के नेतृत्व में वन रक्षक पुनीत सिंह और राघवेंद्र तिवारी की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। छानबीन के दौरान कछुए के अवशेष, पकाने में उपयोग किए गए बर्तन और अन्य सामग्री भी बरामद की गई। वन विभाग की प्राथमिक जांच में पुष्टि हुई कि जिस कछुए का शिकार किया गया, वह संरक्षित वन्यजीव श्रेणी में शामिल है, जिसका शिकार करना कानूनन अपराध है। प्रभारी क्षेत्रीय वन अधिकारी एवं वन दरोगा मयंक दीक्षित ने बताया कि दोनों युवकों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। इन धाराओं में कठोर दंड का प्रावधान है। वन विभाग की टीम ने आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से अदालत ने दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया। इस घटना के बाद वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि संरक्षित प्रजातियों के संरक्षण में सहयोग करें और किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तुरंत विभाग को दें।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *