सपा विधायक सुधाकर सिंह के निधन पर नेताओं का जमावड़ा:पूर्व पीएम के बेटे नीरज शेखर समेत कई विधायक पहुंचे

📅 Published: November 21, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

मऊ जिले की घोसी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक सुधाकर सिंह के आकस्मिक निधन के बाद उनके पैतृक आवास पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं का आना जारी है। दूसरे दिन भी कई प्रमुख हस्तियों ने पहुंचकर शोक व्यक्त किया। इसी क्रम में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बेटे और भाजपा के राज्यसभा सांसद नीरज शेखर सुधाकर सिंह के आवास पहुंचे। उन्होंने विधायक के चित्र पर पुष्प अर्पित किए और परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। नीरज शेखर ने सुधाकर सिंह के छोटे पुत्र सुजीत सिंह से कहा कि उनका आकस्मिक निधन हम सभी को झकझोर गया है और उन्हें विश्वास नहीं हो रहा कि सुधाकर सिंह अब उनके बीच नहीं हैं। शोक व्यक्त करने वालों में सपा विधायक नफीस अहमद और विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव समेत कई अन्य नेता भी शामिल थे। विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने बताया कि स्वर्गीय विधायक सुधाकर सिंह का न रहना पार्टी के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने याद किया कि जब घोसी में विषम परिस्थितियां थीं, तब राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सुधाकर सिंह पर विश्वास जताते हुए उन्हें प्रत्याशी बनाया था और सुधाकर सिंह ने चुनाव जीतकर अपनी क्षमता साबित की थी। लाल बिहारी यादव ने अपने पुराने संबंधों का जिक्र करते हुए कहा कि जब वे ग्रेजुएशन के लिए आजमगढ़ शहर आए थे, तब से ही स्व. तहसीलदार पांडे और सुधाकर सिंह लोकदल के गठन के समय से राजनीति में सक्रिय थे। उन्होंने कहा कि सुधाकर सिंह उनके नेतृत्वकर्ता रहे और उनका निधन हम सभी के लिए अपूरणीय क्षति है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *