बरेली के सुभाषनगर क्षेत्र में गुरुवार शाम एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि उसकी पहली पत्नी और उसके परिवार द्वारा लगातार धमकाने और प्रताड़ित करने के कारण वह तनाव में था। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान 27 वर्षीय अमन शर्मा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से प्रेमनगर के जोशी टोला का निवासी था। कुछ समय से वह शांति विहार स्थित फौजी की टाल माली वाली गली में किराए पर रह रहा था। अमन की पहली शादी करीब चार साल पहले मोहल्ला भूड़ निवासी काजल से हुई थी। परिजनों के अनुसार, शादी के 13 दिन बाद ही काजल अपने प्रेमी के साथ चली गई थी और बाद में अपने मायके में रहने लगी। अमन के भाई निश्चल शर्मा ने आरोप लगाया कि काजल ने गुजारा भत्ता के मामले में मुकदमा किया था। इसके बाद काजल, उसकी बहनें रचना और मोनी, भाई विकास और बहनोई मोहन अमन को रास्ते में रोककर धमकाते थे। परिजनों का आरोप है कि ये लोग अमन से 10 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। पहली पत्नी से अलगाव के बाद अमन ने मुस्कान से दूसरी शादी कर ली थी। दोनों शांति विहार में रह रहे थे। अमन प्रभा टॉकीज के पास स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर नौकरी करता था। परिजनों का कहना है कि काजल और उसके परिजन लगातार दबाव बना रहे थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगा था। गुरुवार को अमन अपनी पत्नी मुस्कान के साथ किसी कानूनी मामले में वकील से मिलने कचहरी गया था। लौटते वक्त वह पहले घर पहुंच गया, जबकि मुस्कान कुछ देर बाद पहुंची। घर का दरवाजा खोलते ही उसने देखा कि अमन दुपट्टे के सहारे दरवाजे के कुंडे में लटका हुआ है। चीख सुनकर पड़ोसी और रिश्तेदार मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सुभाषनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि तहरीर मिलने पर मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
बरेली में युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या:पहली पत्नी और उसके परिवार पर प्रताड़ना का आरोप, मानसिक रूप से था परेशान
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
