सुल्तानपुर जिले के हलियापुर थाना क्षेत्र में दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक वृद्ध की मौत हो गई, जबकि दो बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पहला हादसा शुक्रवार को जगदीशपुर-अयोध्या मार्ग पर शिवा डेयरी के पास हुआ। हलियापुर से तिरहुत मोड़ की ओर जा रहे अमन प्रताप सिंह उर्फ सरदार सिंह (निवासी कुवासी) की बाइक सामने से आ रही एक अन्य बाइक से टकरा गई। दूसरी बाइक पर अमन (पुत्र मोती लाल, निवासी मूर्तिपुर) और संतोष मौर्य (निवासी नेवाजी का पुरवा, थाना शुक्ल बाजार, अमेठी) सवार थे। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से 108 एम्बुलेंस द्वारा उन्हें सौ शैय्या अस्पताल पिठला, कुमारगंज (अयोध्या) भेजा गया। दूसरा हादसा बृहस्पतिवार शाम कांपा रोड पर हुआ। हलियापुर थाना क्षेत्र के डेहरियावा निवासी 68 वर्षीय रामचंद्र यादव (पुत्र राम यज्ञ) पैदल जा रहे थे। सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन की तेज रोशनी से उनकी आंखें चौंधिया गईं और वे गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमार्टम कराया है।
सुल्तानपुर में दो हादसों में एक बुजुर्ग की मौत:दो बाइक सवार 3 लोग गंभीर रूप से घायल, अयोध्या रेफर
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
