बुलंदशहर-स्याना-गढ़ स्टेट हाईवे-65 के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण का रास्ता साफ हो गया है। एक्सईएन राहुल शर्मा ने बताया कि प्रदेश सरकार ने इस परियोजना के लिए 58 करोड़ रुपए की धनराशि स्वीकृत की है, जिसमें से 20 करोड़ रुपए की पहली किस्त जारी कर दी गई है। विभाग टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद हाईवे को 10 मीटर चौड़ा करने का कार्य जल्द शुरू करेगा। वर्तमान में इस हाईवे की चौड़ाई केवल सात मीटर है, जिससे भारी वाहनों की आवाजाही में बाधा आती है। वाहनों के बढ़ते दबाव के कारण अक्सर जाम और दुर्घटनाएं होती रहती हैं। चौड़ीकरण के बाद हाईवे पर वाहनों की गति बढ़ेगी और यात्रा का समय भी कम होगा, जिससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी। शासन द्वारा स्वीकृत प्रस्ताव के अनुसार, इमलिया से स्याना की ओर कुल 19 किलोमीटर हाईवे का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण किया जाएगा। इस हिस्से को 10 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। इस कार्य के लिए 5891.88 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। फिलहाल, नगर के शिकारपुर बाईपास से गांव इमलिया तक सड़क चौड़ीकरण का कार्य पहले से ही प्रगति पर है। नए प्रस्ताव की मंजूरी के बाद इस मार्ग को आगे 19 किलोमीटर तक स्याना की ओर बढ़ाया जाएगा। उल्लेखनीय है कि लगभग तीन साल पहले विश्व बैंक ने इसी स्टेट हाईवे के चौड़ीकरण के लिए 500 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की थी। यह रिपोर्ट मुख्यालय भेजी गई थी, लेकिन एस्टीमेट अनुमोदन प्रक्रिया के दौरान फाइल गुम हो गई थी। इसके कारण यह परियोजना रुक गई थी। अब नए प्रस्ताव की स्वीकृति से परियोजना को फिर से गति मिली है। हाईवे के चौड़ा होने से न केवल भारी वाहनों की आवाजाही सुगम होगी, बल्कि दिल्ली, हरिद्वार और मुरादाबाद रूट पर यात्रा करने वाले लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
बुलंदशहर-स्याना-गढ़ रोड 10 मीटर चौड़ी होगी:स्टेट हाईवे-65 के चौड़ीकरण के लिए 58 करोड़ का बजट मंजूर
📅 Published: November 21, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
