डीएम ने सुपरवाइजर को लगाई फटकार:गणना प्रपत्रों के कार्य में लापरवाही पर कार्रवाई

📅 Published: November 22, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

प्रतापगढ़ जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी शिव सहाय अवस्थी ने पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) के तहत तहसील लालगंज और कुंडा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अपर जिलाधिकारी आदित्य प्रजापति भी मौजूद रहे। प्राथमिक विद्यालय कोर्रही-प्रथम में गणना प्रपत्रों के कार्य में सुपरवाइजर शिवराम गुप्ता (लेखपाल) की लापरवाही सामने आने पर डीएम ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि अभियान के महत्वपूर्ण कार्यों में किसी भी प्रकार की उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्राथमिक विद्यालय भिटारा बिहार में 622 में से केवल 250 गणना प्रपत्रों के वितरण की स्थिति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने शेष सभी प्रपत्रों को तत्काल वितरित कराने के निर्देश दिए। 150 फार्म ऑनलाइन किए जाने पर उन्होंने इस कार्य में और तेजी लाने को कहा। निरीक्षण के दौरान बीएलओ नीरज मिश्रा अनुपस्थित पाए गए। कर्मचारियों ने बताया कि बीएलओ अवकाश पर हैं, जिस पर डीएम ने खंड शिक्षा अधिकारी को स्वयं विद्यालय में बैठकर कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने उपस्थित बीएलओ से घर-घर जाकर प्रपत्र वितरण की प्रगति, मतदाताओं से संपर्क तथा जमा किए गए प्रपत्रों की स्थिति की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने मतदाताओं को प्रपत्र भरने की प्रक्रिया के बारे में भी समुचित जानकारी देना सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने सभी बीएलओ और संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को सटीक, त्रुटिरहित और अद्यतन बनाना है। विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान 4 दिसंबर 2025 तक चलेगा, जिसके तहत बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित करेंगे तथा मतदाताओं द्वारा भरे गए प्रपत्रों को पुनः संग्रहित करेंगे। यह पहल लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *