कौशांबी जिले की भरवारी नगर पालिका परिषद में 395 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के भविष्य निधि (PF) में अनियमितता का मामला सामने आया है। सेवा प्रदाता कंपनी अर्चना एसोसिएट्स गोरखपुर पर कर्मचारियों के खातों में कम या बिल्कुल भी PF राशि जमा न करने का आरोप है। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) राम सिंह ने कंपनी को नोटिस जारी किया है। यह मामला भरवारी नगर पालिका परिषद में जेम पोर्टल के माध्यम से 395 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को रखने के टेंडर से जुड़ा है। टेंडर खुलने के बाद अर्चना एसोसिएट्स गोरखपुर को यह कार्य स्वीकृत किया गया था। इसके बाद कंपनी ने नगर पालिका में कार्यरत कर्मचारियों सहित कुल 395 कर्मचारियों को सेवा देने के लिए पंजीकृत किया। नगर पालिका परिषद भरवारी के ईओ राम सिंह ने सेवा प्रदाता कंपनी अर्चना एसोसिएट्स गोरखपुर के साथ कर्मचारियों को उनके कार्य के अनुसार वेतन और PF देने की शर्तों पर अनुबंध किया था। हालांकि, कर्मचारियों को वेतन तो मिला, लेकिन उनके PF खातों में भविष्य निधि मानक से कम भेजी गई या कुछ मामलों में बिल्कुल नहीं भेजी गई। इसे लेकर कर्मचारियों में आक्रोश है, लेकिन नौकरी खोने के डर से वे खुलकर बोलने से कतरा रहे हैं। कर्मचारियों की शिकायत के बाद ईओ राम सिंह ने 30 जुलाई 2024 को सेवा प्रदाता कंपनी अर्चना एसोसिएट्स गोरखपुर को PF जमा न करने और कम PF भेजने के संबंध में नोटिस जारी किया। कंपनी की ओर से अभी तक कोई जवाब नहीं आया है। ईओ ने इस संबंध में कई अन्य जगहों पर भी पत्राचार किया है। इस संबंध में ईओ राम सिंह ने बताया कि कर्मचारियों ने कंपनी द्वारा उनके भविष्य निधि खाते में PF की कम राशि भेजे जाने की शिकायत की थी। इस पर सेवा प्रदाता कंपनी को नोटिस जारी की गई है। उन्होंने कहा कि अभी उनकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया है, इसलिए उन्हें दोबारा नोटिस भेजी जाएगी।
कौशांबी नपा में PF घोटाला उजागर:395 आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के भविष्य निधि में अनियमितता पर कंपनी को नोटिस
📅 Published: November 22, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
