लखनऊ के डीएम विशाख जी अय्यर ने शनिवार को मोहनलालगंज तहसील क्षेत्र में कई बूथों का औचक निरीक्षण कर मतदाता सूची संक्षिप्त पुनरीक्षण (SIR) की प्रगति का जायजा लिया। मौके पर बीएलओ की धीमी कार्यवाही पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने काम में तेजी लाने के सख्त निर्देश दिए। BLO और लोगों से बातचीत की डीएम विशाख जी अय्यर ने मोहनलालगंज तहसील क्षेत्र के नवजीवन इंटर कॉलेज, गौरा सहित कई मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने मतदाता पुनरीक्षण कार्य की गति, बीएलओ द्वारा भरे जा रहे फॉर्म, रखे गए रजिस्टर और बूथ प्रबंधन सहित अनेक बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की। डीएम ने पाया कि कई स्थानों पर बीएलओ अपेक्षित गति से कार्य नहीं कर रहे हैं। इस पर उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को हिदायत दी कि निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी बूथों पर मतदाता सत्यापन प्रक्रिया पूरी कराई जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, क्योंकि यह कार्य सीधे चुनावी प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है। 3,789 BLO को 39 लाख मतदाताओं का करना है SIR लखनऊ जिले में कुल 39 लाख मतदाताओं के नामों के सत्यापन और संशोधन का कार्य चल रहा है। 3,789 बूथ लेवल अधिकारियों को पहले ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है। ये बीएलओ घर-घर जाकर आयोग द्वारा जारी फॉर्म वितरित कर रहे हैं, जिसके माध्यम से हर बूथ के हर मतदाता का पुन: सत्यापन किया जा रहा है। निर्वाचन कार्यालय के अनुसार, वर्ष 2003 के बाद जिन मतदाताओं के नाम सूची में जुड़े हैं, उनका विशेष सत्यापन इस पुनरीक्षण में प्राथमिकता पर किया जाएगा। तीन तरीक़े के है फॉर्म पुनरीक्षण प्रक्रिया के तहत बीएलओ नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6, नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 और संशोधन के लिए फॉर्म-8 भरवा रहे हैं। डीएम ने बीएलओ को निर्देशित किया कि वे अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचकर सही और अद्यतन जानकारी एकत्र करें, जिससे अंतिम मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित तैयार की जा सके।
लखनऊ में SIR की रफ्तार बढ़ाने के निर्देश:डीएम विशाख अय्यर ने किया मोहनलालगंज बूथों का औचक निरीक्षण
📅 Published: November 22, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
