कन्नौज जिले में शनिवार को एक लोडर और मोटरसाइकिल की टक्कर में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर ठठिया पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, शव को कब्जे में लिया और आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी है। मृतक की पहचान इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के पट्टी नेकपुरवा उमर्दा निवासी 22 वर्षीय मनीष कुमार उर्फ पिंटू पुत्र कायम सिंह के रूप में हुई है। मनीष अपने मामा के तेरहवीं संस्कार में शामिल होने के लिए कानपुर नगर के उत्तरीपुरा जा रहा था। यह दुर्घटना कन्नौज जनपद के ठठिया थाना क्षेत्र के मटकेपुरवा गांव के पास देर शाम हुई। खैरनगर से गैस सिलेंडर लेकर जा रहे लोडर ने सामने से आ रही होंडा मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल चालक मनीष की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना की सूचना तत्काल ठठिया पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही ठठिया थाना प्रभारी देवेश कुमार अपनी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। थाना प्रभारी देवेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कन्नौज में लोडर की टक्कर से युवक की मौत:मामा की तेरहवीं में जा रहा था, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा
📅 Published: November 22, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
