प्रयागराज के परेड ग्राउंड में मिली लाश की हुई पहचान:3 दिन से लापता था ई-रिक्शा चालक, शिनाख्त में जुटी थी पुलिस

📅 Published: November 22, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

प्रयागराज के कीडगंज थाना क्षेत्र स्थित परेड ग्राउंड में गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मिले 32 वर्षीय युवक के शव की पहचान शनिवार को हो गई। मृतक का नाम प्रशांत यादव था, जो थारवई के बरातर गांव का निवासी था और शहर के कटरा इलाके में किराए पर रहकर ई-रिक्शा चलाता था। वह पिछले तीन दिनों से लापता था। परिवार के अनुसार, प्रशांत यादव (पुत्र स्व. रामबरन यादव) आठ भाइयों और एक बहन में चौथे नंबर पर थे। उनकी शादी सात वर्ष पहले हुई थी, लेकिन विवाद के चलते पत्नी एक साल बाद ही उन्हें छोड़कर चली गई थी और तब से वापस नहीं लौटी। प्रशांत अपने छोटे भाई विवेक कुमार की पढ़ाई के लिए कई वर्षों से कटरा में किराए के कमरे में रह रहे थे। भाई सुनील कुमार के अनुसार, तीन दिन पहले प्रशांत ई-रिक्शा लेकर कमरे से निकले थे, जिसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। परिवार को उम्मीद थी कि वे किसी रिश्तेदारी में गए होंगे, इसलिए तत्काल खोजबीन नहीं की गई। शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक युवक का शव मिलने की जानकारी प्रसारित होने के बाद परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया। परिजनों ने शनिवार को कीडगंज थाने में शव की पहचान की। थाना प्रभारी के अनुसार, शव के मुंह से झाग निकलने के लक्षण मिले थे, जिसके चलते पोस्टमार्टम में बिसरा सुरक्षित रखा गया है। रिपोर्ट आने और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *