बरेली। इज्जतनगर थाना पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के कब्जे से कुल 522 ग्राम अफीम और 19 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। पुलिस ने दोनों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया है। पुलिस टीम को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर नशे की बिक्री हो रही है। इस सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने दो स्थानों पर दबिश दी। पहली दबिश पीलीभीत रोड, बड़ी बिहार के पास दी गई, जहां से 42 वर्षीय अमीर फैसल को 522 ग्राम अफीम के साथ पकड़ा गया। दूसरी दबिश केंद्रीय पक्षी अनुसंधान केंद्र गेट से पहले दी गई, जहां से 55 वर्षीय शशिबाला को 19 ग्राम स्मैक सहित गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में दोनों ने नशा तस्करी में शामिल होने की बात स्वीकार की। अमीर फैसल ने बताया कि वह झारखंड से अफीम खरीदकर बरेली में सप्लाई करता था, जबकि शशिबाला पीर बहोड़ा क्षेत्र से स्मैक खरीदकर राहगीरों व वाहन चालकों को बेचती थी। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमे दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
बरेली में मादक पदार्थ तस्करी पर बड़ी कार्रवाई, दो गिरफ्तार:522 ग्राम अफीम और 19 ग्राम स्मैक बरामद
📅 Published: November 22, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
