जालौन कोतवाली नगर में शनिवार देर रात सड़क हादसा हुआ। उरई-जालौन स्टेट हाईवे पर कोतवाली गेट के सामने एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की जगह कोतवाली के सामने होने के कारण पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। मृतक युवक की पहचान 28 वर्षीय विपिन कुमार वर्मा के रूप में हुई है, जो अमर सिंह वर्मा के पुत्र और मोहल्ला कछोरन नगर, जालौन के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, विपिन शनिवार देर रात एक शादी समारोह से अपने घर लौट रहे थे। कोतवाली गेट के सामने पहुंचते ही सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि विपिन कई मीटर दूर सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के समय घटनास्थल के आसपास मौजूद पुलिस कर्मियों ने तुरंत विपिन को उठाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को तत्काल कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस दुर्घटना के बाद राहगीरों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने बताया कि हाइवे पर रात के समय भारी वाहनों की तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में शोक छा गया। 28 वर्षीय विपिन की अचानक हुई मौत से परिवार और मोहल्ले में दुख का माहौल है। कोतवाली पुलिस ने बताया कि ट्रक की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
जालौन में कोतवाली के सामने ट्रक ने युवक को कुचला:मौके पर तोड़ा दम, शादी समारोह से लौट रहा था, चालक फरार
📅 Published: November 23, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
