फिरोजाबाद में रविवार सुबह NH-19 बन्ना कट हाईवे पर एक बड़ा हादसा टल गया। एलपीजी गैस से भरा एक कैप्सूल ट्रक अनियंत्रित होकर नाली के किनारे पलट गया। इस घटना में ट्रक चालक और उसका सहायक सुरक्षित हैं। जानकारी के अनुसार, ट्रक संख्या HR 55R 3393 मथुरा रिफाइनरी से गैस लोड कर नेपाल जा रहा था। घटना की सूचना सबसे पहले वीरेंद्र नामक व्यक्ति ने पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि कैप्सूल ट्रक के चालक रामखिलावन (35 वर्ष) पुत्र मिश्रिलाल, निवासी काजी कमालपुर, थाना इमलिया सुल्तानपुर, जनपद सीतापुर, और उसका सहायक चालक पूरी तरह सुरक्षित हैं। ट्रक हाईवे की नाली के किनारे पलटा है, जिससे हाईवे की तीनों लेन सामान्य रूप से चालू हैं और यातायात प्रभावित नहीं हुआ है। किसी भी प्रकार के गैस रिसाव की आशंका को देखते हुए एहतियातन फायर टेंडर मौके पर मौजूद है और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस और फायर टीम मौके पर स्थिति को नियंत्रित कर रही है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि ट्रक स्वतः अनियंत्रित होकर पलटा था, किसी अन्य वाहन से उसकी टक्कर नहीं हुई है। सावधानी के तौर पर आसपास आवाजाही पर नियंत्रण रखा गया है।
फिरोजाबाद में एलपीजी गैस कैप्सूल ट्रक पलटा:बड़ा हादसा टला, ड्राइवर-हेल्पर सुरक्षित; फायर टीम मौके पर
📅 Published: November 23, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
