बांदा में पुलिस झंडा दिवस:पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने फहराया ध्वज, दी सलामी

📅 Published: November 23, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

बांदा में उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा पुलिस झंडा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पुलिस लाइन के क्वार्टर गार्ड पर पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने पुलिस ध्वज फहराकर सलामी दी। ध्वजारोहण के बाद पुलिसकर्मियों को पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश का संदेश पढ़कर सुनाया गया। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल ने इस दिन को उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए ऐतिहासिक महत्व का बताया। उन्होंने कहा कि शक्ति, निष्ठा, अनुशासन और सेवा की भावना को दर्शाने वाला लाल एवं नीले रंग का पुलिस ध्वज आत्मसम्मान और कर्तव्यपरायणता का प्रेरणास्रोत है। ध्वज के प्रति सम्मान दायित्वों के प्रति समर्पण और नई ऊर्जा का संचार करता है। इसी क्रम में, सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टॉक ने पुलिस कार्यालय में झंडा फहराकर सलामी दी। इसके अतिरिक्त, सभी क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने कार्यालयों में और सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने थानों पर ध्वज को सलामी दी। पुलिस झंडा दिवस प्रतिवर्ष 23 नवंबर को मनाया जाता है। यह दिन उत्तर प्रदेश पुलिस के गौरवमयी इतिहास और पहचान को दर्शाता है। उत्तर प्रदेश पुलिस को देश के सबसे बड़े पुलिस बल होने का गौरव प्राप्त है। 23 नवंबर 1952 को तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने पुलिस कार्य के सभी क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस को पुलिस ध्वज प्रदान किया था। उत्तर प्रदेश देश का पहला राज्य पुलिस बल है जिसे यह सम्मान प्राप्त हुआ। यह “पुलिस कलर” या पुलिस ध्वज पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस बल के लिए गर्व का विषय है। इस दिवस के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस अपने गौरवमयी इतिहास को याद करती है। साथ ही, संवेदनशीलता और शौर्यपूर्ण कर्तव्यनिष्ठा से अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत करने का संकल्प लेती है, जिससे नए आयाम स्थापित हो सकें।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *