गाजियाबाद में Real11 ऐप हैक कर 1.01 करोड़ की ठगी:गाजियाबाद साइबर क्राइम टीम ने बी-टेक छात्र को किया गिरफ्तार

📅 Published: November 23, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

गाजियाबाद पुलिस कमिश्नरेट की साइबर क्राइम टीम ने Real11 फैंटेसी गेमिंग मोबाइल ऐप के पेमेंट गेटवे को हैक कर 1.01 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी कंप्यूटर साइंस का बी-टेक छात्र है, जिसने तकनीकी छेड़छाड़ कर हजारों फर्जी लेनदेन किए थे। पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन बरामद किया है और कोर्ट के माध्यम से 25 लाख रुपए की राशि भी बरामद की है। ADCP क्राइम पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि साइबर अपराधियों द्वारा 17 जुलाई 2024 से 18 नवंबर 2024 के बीच Real11 फैंटेसी गेमिंग ऐप के पेमेंट गेटवे में सेंध लगाकर बार-बार फर्जी तरीके से पैसे निकालने की कोशिश की जा रही थी। कंपनी की शिकायत पर साइबर क्राइम टीम ने जांच शुरू की और तकनीकी निगरानी की मदद से आरोपी तक पहुंची। पुलिस के अनुसार, आरोपी उत्तम मंडल कंप्यूटर साइंस में बी-टेक की पढ़ाई कर रहा है। उसने ऐप के पेमेंट सिस्टम में मौजूद एपीआई (API) का गलत इस्तेमाल करते हुए लेनदेन में हेरफेर किया। वह माइक्रो सेकंड्स के अंतराल में एक ही कॉन्टेस्ट को कई बार रद्द दिखाकर अपना बैलेंस बढ़ा लेता था, फिर उसे बैंक खाते में निकाल लेता था। आरोपी 1 रुपए जैसी छोटी रकम को कई गुना बढ़ाकर बैंक में डाल रहा था। इसी तरीके से उसने कुल 1 करोड़ 1 लाख 14 हजार रुपए अपने अलग-अलग खातों में स्थानांतरित किए। जांच में सामने आया कि आरोपी उत्तम मंडल पूर्वी भारत के पश्चिम बंगाल का निवासी है और पिछले कुछ समय से लगातार ऐप के पेमेंट गेटवे से छेड़छाड़ कर रहा था। साइबर क्राइम टीम ने लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर उसे गाजियाबाद से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। ADCP क्राइम पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर आगे की जांच जारी है। आरोपी के बैंक खातों की जांच की जा रही है और शेष राशि की वसूली की प्रक्रिया चल रही है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *