भाजपा नेता बोले-देश विरोधी कार्य करने वालों को नहीं छोड़ेंगे:मदनी के बयान पर पलटवार किया, कहा-लोगों को भड़का रहे

📅 Published: November 23, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

मिर्जापुर। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं एमएलसी अरुण सिंह ने जमीयत उलेमा ए हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी के बयान की निंदा की है। उन्होंने कहा कि देश विरोधी कार्य करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई भी हो। अरुण सिंह विंध्याचल में एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। विंध्याचल धाम में मीडिया से बात करते हुए अरुण सिंह ने मदनी के बयान को ‘बेहद निंदनीय’ बताया। उन्होंने कहा कि यह बयान एक वर्ग के लोगों को भड़काने और हिंसा के लिए उकसाने वाला है, जिसकी कड़ी निंदा की जानी चाहिए। सिंह ने जोर देकर कहा कि मदनी को यह समझना चाहिए कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की सभी योजनाएं हर भारतीय तक पहुंच रही हैं। उन्होंने ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प का हवाला दिया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना, नल से जल योजना, पांच किलो मुफ्त अनाज और आयुष्मान कार्ड जैसी सुविधाएं सभी धर्मों के लोगों को समान रूप से मिल रही हैं। इस प्रकार की बात करना मूर्खतापूर्ण है और ऐसे बयान देने वालों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। आजम खान से जुड़े सवाल पर अरुण सिंह ने कहा कि कानून अपना काम कर रहा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के कार्यकाल में आजम खान के ‘धमकाने’ और ‘आतंक’ का जिक्र किया। सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ लोग अपनी राजनीति चमकाने के लिए ऐसे बयान देते हैं। उन्होंने देश हित में काम करने का आह्वान करते हुए दोहराया कि देश विरोधी कार्य करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *