भदोही पुलिस ने एमबीबीएस में फर्जी तरीके से दाखिला कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी शुभम सिंह पुत्र रविंद्र प्रताप सिंह निवासी जिगना पूर्वकोर्ट, मिर्जापुर को रविवार को सिंहपुर नहर पुलिया से चकवा महावीर मंदिर जाने वाले मार्ग से पकड़ा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से 4 लाख 80 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। यह मामला ज्ञानपुर थाने में 20 सितंबर 2025 को दर्ज एक शिकायत से जुड़ा है। शिकायतकर्ता शाहिद अली पुत्र दानिश खां निवासी गोरी खमरिया, औराई ने आरोप लगाया था कि राजकीय व स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालयों में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के आश्रित व उपआश्रित श्रेणी के अभ्यर्थियों द्वारा प्रस्तुत प्रमाण पत्र संदिग्ध और कूटरचित प्रतीत होते हैं। इस संबंध में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। शुभम सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया थाना ज्ञानपुर पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर की सूचना पर शुभम सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2) और 61(2) के तहत आरोप लगाए गए हैं। गिरफ्तारी के समय उसके पास से दाखिले के लिए ली गई 5 लाख रुपए की धनराशि में से 4 लाख 80 हजार रुपये बरामद हुए। पूछताछ में अभियुक्त शुभम सिंह ने बताया कि वह पीएचसी जमनिया, गाजीपुर में संविदा पर लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत है। उसने अपने गांव के पास के प्रदीप दूबे के साथ मिलकर डॉ. घनश्याम के पुत्र दिव्यांशु वर्मा का नीट परीक्षा 2025 में एमबीबीएस में दाखिला कराने के लिए 15 लाख रुपए में सौदा तय किया था। डॉ. घनश्याम ने उन्हें 5 लाख रुपए नकद दिए थे, जबकि 10 लाख रुपये मिलने बाकी थे। शुभम ने बताया कि बरामद 5 लाख रुपये में से उसने 20 हजार रुपये खर्च कर दिए थे। शेष 4 लाख 80 हजार रुपए प्रदीप दूबे आज उससे लेने के लिए बुलाए गए थे, तभी उसे पकड़ लिया गया। शुभम को बकाया पैसे मिलने पर अपना हिस्सा भी मिलना था। पुलिस इस मामले में अन्य वांछितों की तलाश कर रही है और आगे की विवेचना जारी है।
भदोही में MBBS दाखिले में धोखाधड़ी का आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने 4.80 लाख रुपये बरामद किए, अन्य की तलाश जारी
📅 Published: November 23, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
