बरेली-अलीगढ़ ट्रेन में महिला की बिगड़ी तबीयत, मौत:चंदौसी रेलवे स्टेशन पर उतारकर ले गए अस्पताल, किडनी की मरीज थीं

📅 Published: November 23, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

संभल के चंदौसी में बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर ट्रेन में यात्रा के दौरान एक महिला की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे चंदौसी रेलवे स्टेशन पर उतारकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह घटना रविवार को हुई। मृतका की पहचान अलीगढ़ के हरदुआगंज क्षेत्र के गांव बरौठा निवासी 27 वर्षीय किरन के रूप में हुई है। वह अपने पति प्रवेश और बहनोई पप्पू के साथ बरेली के आंवला से अपने घर लौट रही थी। वे आंवला में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। यात्रा के दौरान किरन की तबीयत गंभीर होने पर पति प्रवेश ने तत्काल एंबुलेंस को सूचना दी। चंदौसी रेलवे स्टेशन पर ट्रेन रुकने के बाद, किरन को 108 एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी में भर्ती कराया गया। हालांकि, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पति प्रवेश ने बताया कि किरन किडनी की गंभीर मरीज थी और पिछले एक साल से दिल्ली में उसका इलाज चल रहा था। उसे सप्ताह में तीन बार डायलिसिस होती थी। डॉक्टरों ने उसकी मौत का कारण अचानक तबीयत बिगड़ना बताया। पत्नी की मृत्यु के बाद, प्रवेश अपने बहनोई की मदद से शव को एंबुलेंस से अपने घर ले गया।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *