श्रीगुरु तेग बहादुर शहीदी दिवस पर होंगे विशेष धार्मिक आयोजन:आगरा के गुरुद्वारों में 24 से 26 नवंबर तक होगा कीर्तन समागम, सहज पाठ के भोग और अमृत संचार

📅 Published: November 23, 2025 | 📂 Category: Uncategorized

श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी महाराज और उनके साथ शहीद हुए भाई मती दास जी, भाई सती दास जी और भाई दयाला जी के 350वें शहीदी दिवस के अवसर पर आगरा के गुरुद्वारों में तीन दिवसीय विशेष धार्मिक आयोजन होंगे। इन कार्यक्रमों में 24, 25 और 26 नवंबर को कीर्तन समागम, सहज पाठ के भोग और अमृत संचार का आयोजन किया जाएगा। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, माईथान में 24 नवंबर को सुबह 7:00 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक भव्य कीर्तन समागम का आयोजन होगा। इस अवसर पर भाई दलीप सिंह जी (पटियाला वाले) और ढाढ़ी जत्था भाई मनजिंदर सिंह (लखीमपुर) विशेष रूप से कीर्तन करेंगे। इसके अलावा भाई बिजेंद्र सिंह, भाई लवजीत सिंह, ज्ञानी ओंकार सिंह और स्त्री सिंह सभा द्वारा भी गुरबाणी कीर्तन होगा। कार्यक्रम की शुरुआत आसा दीवार के कीर्तन से होगी। संगत के वाहनों की पार्किंग बीपी ऑयल मिल परिसर में रहेगी। यह जानकारी गुरुद्वारा माईथान के प्रधान कवलदीप सिंह, हेड ग्रंथी ज्ञानी कुलविंदर सिंह और मीडिया प्रभारी जसबीर सिंह जस्सी ने दी। 25 नवंबर को सुबह 9:00 बजे गुरुद्वारा गुरु का ताल में लगभग 150 सहज पाठों के सामूहिक भोग डाले जाएंगे। ये सहज पाठ मई माह में शुरू किए गए थे, जिनका समापन इस दिन होगा। संत बाबा प्रीतम सिंह जी ने संगत से अपील की है कि जिन परिवारों ने सहज पाठ रखे हैं, वे सुबह 9:00 बजे तक संची साहिब का दूसरा भाग लेकर गुरुद्वारे पहुंचें। इसी दिन शाम 7:00 बजे भाई नंदलाल हाल में मुख्य कीर्तन समागम आयोजित होगा। इसमें भाई सरवन सिंह जी खालसा (हजूरी रागी, दरबार साहिब अमृतसर), ज्ञानी भाई हरपाल सिंह जी (हेड ग्रंथि, फतेहगढ़ साहिब) और भाई अनंतवीर सिंह जी, भाई सतविंदर सिंह जी कीर्तन करेंगे। गुरुद्वारा गुरु का ताल के मीडिया प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि 26 नवंबर को सुबह 9:00 बजे गुरुद्वारा मंजी साहिब में अमृत संचार कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जो श्रद्धालु अमृत पान करना चाहते हैं, वे समय पर पहुंचकर भाग ले सकते हैं। जत्थेदार राजेंद्र सिंह इंदौरिया और बाबा अमरीक सिंह जी ने संगत से तीनों आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की है।

Read more


📱 Share on WhatsApp 🌐 View Original Article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *