फतेहपुर जिले के बिंदकी तहसील के औग थाना क्षेत्र में रविवार और सोमवार की दरमियानी रात दो किसानों के घरों से करीब 14 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। चोरों ने औग कस्बे में स्थित सुमन के घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा। इसके बाद, लकड़ी के दरवाजे के पास रखी चाबी का इस्तेमाल कर अंदर प्रवेश किया और तीन बक्सों से कीमती आभूषण चुरा लिए। चोरी के समय गृहस्वामी सुमन अपने पुत्र दीपक पटेल के साथ 100 मीटर दूर दूसरे घर में सो रहे थे, जबकि उनका दूसरा पुत्र विवेक फैक्ट्री में ड्यूटी पर था। सोमवार सुबह जब परिजन दूसरे घर से अपने मुख्य घर पहुंचे, तो उन्हें मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर सामान बिखरा हुआ था और दरवाजे खुले थे, जिससे चोरी का पता चला। परिजनों ने तत्काल 112 डायल कर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की।गृहस्वामी के पुत्र दीपक पटेल ने बताया कि करीब दस लाख रुपये के आभूषण चोरी हुए हैं।चोरों ने पड़ोसियों के घर के दरवाजे की बाहर से कुंडी बंद कर दी थी ताकि कोई बाहर न आ सके। इसी तरह, कस्बे के आदर्श जनता इंटर कॉलेज जाने वाले मार्ग पर चोरों ने राजेंद्र उर्फ राजू के सूने घर को निशाना बनाया।चोरों ने ताला तोड़कर अलमारी, बक्से और बेड खंगालकर करीब चार लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए।राजेंद्र अपनी मां चुनकी देवी को इलाज के लिए कानपुर अस्पताल ले गया था। दो दिन पहले भी औग थाना क्षेत्र के सगुनापुर गांव में दो घरों से लाखों की नकदी और जेवरात चोरी हुए थे।चोरी की बढ़ती घटनाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं और ग्रामीणों में चिंता का माहौल है। औग थाना प्रभारी रमाशंकर सरोज ने बताया कि चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी है।उन्होंने कहा कि दोनों घटनाएं एक ही तरीके से हुई हैं। सीसीटीवी फुटेज के लिए कैमरे खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।
बिंदकी में दो घरों से 14 लाख के जेवर चोरी:औग कस्बे में एक ही रात में वारदात, पुलिस जांच जारी
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
