आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के सेमेस्टर एग्जाम शुरू हो चुके हैं। लेकिन छात्रों के परीक्षा फॉर्म नहीं भर पाए। अब बीच परीक्षा में छात्रों को फॉर्म भरने का मौका दिया गया है। 27 नवंबर तक छात्र फॉर्म भर सकते हैं। लेकिन छात्रों को एक हजार रुपये एक्स्ट्रा फीस देनी होगी। 21 नवंबर से सेमेस्टर एग्जाम शुरू हुए। समर्थ पोर्टल के माध्यम से बीए, बीएससी, बीकॉम, एमए, एमएससी, एमकॉम के छात्रों के फॉर्म भरवाए गए। तमाम नोटिस और बार-बार डेट बढ़ाने के बाद भी हजारों छात्र फॉर्म भरने से रह गए। परीक्षा से दो दिन पहले फर्स्ट सेमेस्टर की परीक्षा स्वकेंद्रों पर कराने का निर्णय लिया गया। परीक्षा से एक दिन पहले रात में छात्रों के एडमिट कार्ड जारी किए गए। दो दिन की परीक्षा बीतने के बाद भी हजारों छात्र फॉर्म भर नहीं पाए हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. ओमप्रकाश का कहना है कि स्नातक और परास्नातक के फर्स्ट सेमेस्टर के जो छात्र फॉर्म नहीं भर पाए हैं, वे 27 नवंबर तक फॉर्म भर सकते हैं। एक हजार रुपये एक्स्ट्रा फीस देनी होगी। कॉलेजों को लिस्ट बनाकर विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर स्थित समर्थ ऑफिस में देनी होगी। ऐसे छात्रों की लिस्ट भी देनी होगी, जिनका कॉलेजों ने सत्यापन नहीं किया है।
परीक्षा के बीच में भरे जाएंगे फॉर्म:आगरा यूनिवर्सिटी की 21 नवंबर से शुरू हो चुकी हैं सेमेस्टर परीक्षा
📅 Published: November 24, 2025 |
📂 Category: Uncategorized
